लाइफ साइंस सेक्टर में 2025 तक हासिल कर लेंगे 100 अरब डॉलर का लक्ष्य: केटीआर
केटीआर ने कहा कि मुझे विश्वास है कि हम तय समय से पांच साल पहले 2025 तक 100 अरब डॉलर के अपने लक्ष्य को हासिल कर लेंगे।

तेलंगाना के उद्योग मंत्री केटीआर ने शुक्रवार को दुनिया के सबसे बड़े जीवन विज्ञान सम्मेलनों में से एक बायोएशिया 2023 के 20वें संस्करण का उद्घाटन करते हुए राज्य की महत्वपूर्ण उपलब्धियां गिनाईं। केटीआर ने कहा, 'हमने 2030 तक अपने ईकोसिस्टम के मूल्य को दोगुना करके 100 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया था। कुछ लोगों ने अंदेशा जताया कि यह बहुत ही महत्वाकांक्षी लक्ष्य था। लेकिन, मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि 2022 में ईकोसिस्टम का मूल्य पहले ही 80 अरब डॉलर तक पहुंच गया है।'
केटी रामाराव ने आगे कहा, 'पिछले दो वर्षों में लगभग 14 फीसदी के राष्ट्रीय औसत की तुलना में तेलंगाना ने 23 फीसदी की आश्चर्यजनक ईकोसिस्टम मूल्य वृद्धि हासिल की है। मौजूदा रफ्तार को देखते हुए, मुझे विश्वास है कि हम तय समय से पांच साल पहले 2025 तक 100 अरब डॉलर के अपने लक्ष्य को हासिल कर लेंगे।'
तेलंगाना के मंत्री ने कहा, 'विकास इस तथ्य से स्पष्ट है कि हम पिछले सात वर्षों में $3 बिलियन से अधिक का शुद्ध नया निवेश आकर्षित करने में सक्षम हुए हैं। इसी अवधि के दौरान, हमने 4.5 लाख से अधिक नौकरियां सृजित की हैं।'
तेलंगाना के बड़े दृष्टिकोण के बारे में बताते हुए, केटीआर ने कहा कि इस बड़े लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए, राज्य का लक्ष्य चार प्रमुख स्तंभों का लाभ उठाना है। ये हैं- बड़े पैमाने पर जटिल विनिर्माण, आर एंड डी नवाचार, हाई-एंड क्रॉस वैल्यू चेन का निर्माण, वैश्विक क्षमता केंद्र और स्वास्थ्य सेवा व प्रौद्योगिकी का मिलान।












Click it and Unblock the Notifications