एक सिलिंडर और मुफ्त राशन से नहीं संवरेगा भविष्य: प्रियंका गांधी
नोएडा, 19 फरवरी: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा है कि जनता को सांप्रदायिक, जाति और धर्म के आधार पर बांटकर वोट मांगने वाले भाजपा, सपा और बसपा जैसे राजनीतिक दलों की सरकारें लोगों को आत्मनिर्भर नहीं बल्कि मुफ्त की योजनाओं पर निर्भर बनाना चाहती हैं। लोग आत्मनिर्भर बन जाएंगे तो सरकार से सवाल करने लगेंगे जबकि भाजपा, सपा और बसपा का एक ही लक्ष्य है किसी तरह सरकार में बने रहना।

महिलाओं को कांग्रेस की ओर से 40 प्रतिशत टिकट देने की याद दिलाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की राजनीति में अब आधी आबादी को कोई नकार नहीं सकता। उन्होंने महिलाओं को सत्ता में उनकी भागीदारी दिलाने का वादा किया। शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस प्रतिज्ञा वर्चुअल महारैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार का काम है जनता को सशक्त बनाना।
इस दौरान भाजपा पर निशाना साधते हुए प्रियंका ने कहा कि एक मुफ्त सिलिंडर के आधार पर आपसे बार-बार वोट मांगा जा रहा है। एक सिलिंडर आपको सशक्त नहीं बना सकता। महिलाओं को सक्षम बनाने के लिए उनकी पढ़ाई, सुरक्षा और सेहत की व्यवस्था के साथ रोजगार जरूरी है। आपके बच्चों का भविष्य मुफ्त राशन से नहीं बल्कि नौकरी से बनेगा। जिन उद्योगपतियों को आज देश की संपत्ति बेची जा रही है, वे रोजगार नहीं देते हैं। रोजगार देते हैं सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम (पीएसयू) जिन्हें कांग्रेस ने बनाया।
प्रियंका ने कहा कि पांच साल में उप्र की भाजपा सरकार ने सरकारी नौकरियों के 12 लाख पद खाली छोड़े हैं। इन पदों को भरने के बारे में सरकार चुप है। सपा और बसपा भी चुनाव के समय खोखली घोषणाएं करती हैं। युवाओं को रोजगार देने के लिए कांग्रेस ने भर्ती विधान और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए शक्ति विधान तैयार किया है। चाहे वह उन्नाव और हाथरस की घटनाएं रही हों या सोनभद्र का उम्भा कांड या कोरोना काल की विभीषिका, कांग्रेस को छोड़ लोगों के संघर्षों के लिए कोई आगे नहीं आया। कांग्रेस ही एकमात्र पार्टी है जो लोगों के संघर्ष में उनके साथ खड़ी रही और विकास के लिए समर्पित है।












Click it and Unblock the Notifications