परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर की बड़ी कार्रवाई, डीजल चोरी समेत पकड़े 5 मामले
परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने बड़ी कार्रवाई की है। डीजल चोरी समेत 5 मामले पकड़े।

पंजाब के परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर के दिशा-निर्देशों पर गठित किये गए "मिनिस्टर्स फ्लाइंग स्क्वाड" ने सरकारी बसों से डीजल और टिकट चोरी सहित पांच अलग-अलग मामले रिपोर्ट किए हैं। इस संबंध में अधिक जानकारी देते हुए परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गंगानगर (राजस्थान) के बस स्टैंड पर बीती रात चेकिंग के दौरान पंजाब रोडवेज चंडीगढ़ की बस नंबर पीबी-65 ए.डी. 2125 से करीब 20 लीटर डीजल चोरी करते चालक अरविंदर सिंह को रंगे हाथों पकड़ा गया है।
इसी तरह नाहन (हिमाचल प्रदेश) में चेकिंग के दौरान तरन तारन डिपो की बस संख्या पीबी-02 डी.आर 2798 के कंडक्टर हरपाल सिंह को टिकट चोरी के मामले में रिपोर्ट किया गया है। उसने यात्रियों से 98 रुपये तो लिए लेकिन उन्हें टिकट नहीं दी। सरहिंद ब्रिज पर की गई चेकिंग के दौरान मोगा डिपो की बस संख्या-पीबी-04-एई 1999 को निर्धारित रूट के बजाय वैकल्पिक रूट पर चलने के लिए रिपोर्ट किया गया है।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि इसके अलावा बस चलाते समय मोबाइल फोन सुनने के मामले में भी एक चालक के खिलाफ कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि फगवाड़ा में चेकिंग के दौरान पी.आर.टी.सी. लुधियाना डिपो की बस संख्या पी.बी-10-एफ.एफ 3936 का चालक विनोद कुमार बस चलाते समय फोन सुनता पाया गया, जो सीधे यात्रियों की जान जोखिम में डाल रहा था। इसके अलावा बिना टिकट यात्रियों से भी जुर्माना वसूला गया। परिवहन मंत्री ने बताया कि डायरेक्टर स्टेट ट्रांसपोर्ट को रिपोर्ट किये गए चालकों और कंडक्टरों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दे दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें- Bhagwant Mann: जेड प्लस सुरक्षा लेने से भगवंत मान का इनकार, बोले- दिल्ली और पंजाब में जरूरत नहीं












Click it and Unblock the Notifications