तेलंगाना: विधायक एटाला राजेंद्र ने किया स्पष्ट, 'BJP नहीं छोड़ूंगा, BRS को हराना एकमात्र मकसद'
तेलंगाना के हुजूराबाद से विधायक एटाला राजेंद्र ने उन अटकलों को खारिज कर दिया है, जिनमें कहा जा रहा था कि वो भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। एटाला राजेंद्र ने मंगलवार को स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी छोड़ने की कोई योजना नहीं है और यह अटकलें विरोधी पार्टियों और मीडिया की उपज हैं।
मीडिया से बात करते हुए, एटाला राजेंद्र ने कहा कि वह प्रतिबद्धता के साथ भाजपा में शामिल हुए हैं और इसलिए पार्टी छोड़ने का कोई सवाल ही नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी बदलना एक बेहद महत्वपूर्ण फैसला होता है।

उन्होंने आगे कहा, 'कोई ऐसे ही पार्टी नहीं बदल सकता। मैंने बीआरएस छोड़ी नहीं थी, बल्कि मुझे पार्टी से निकाल दिया गया। मैं भाजपा में शामिल हुआ क्योंकि मुझे लगता है कि यह एकमात्र पार्टी है, जो बीआरएस को हरा सकती है। मतभेद किसी भी राजनीतिक दल में हो सकते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि पार्टी में कोई संकट है।'
एटाला राजेंद्र ने कहा, 'बीजेपी का लक्ष्य बीआरएस को हराना और मुख्यमंत्री के.चंद्रशेखर राव को सत्ता से बाहर करना है। नेताओं के बीच हमेशा मतभेद रहेंगे। हम इसे जल्द ही सुलझा लेंगे। हम सब एक मिशन के साथ काम कर रहे हैं।'
उन्होंने स्पष्ट किया कि वह तभी दिल्ली गए जब उन्हें पार्टी आलाकमान ने बुलाया था और उन्होंने बैठकों और चर्चाओं के दौरान कभी भी व्यक्तिगत मुद्दे नहीं उठाए। मैंने आलाकमान को राज्य में राजनीतिक हलचल के बारे में जानकारी दी। मैंने कभी पदों की मांग नहीं की। मैं 20 वर्षों से अधिक समय से बीआरएस में था। उस पार्टी में मेरा कोई दुश्मन नहीं था। मैंने कभी वहां गुट नहीं बनाये, तो बीजेपी में गुट बनाए रखने का सवाल ही कहां है।'












Click it and Unblock the Notifications