तेलंगाना: मंत्री टी हरीश का दावा, कहा- बीआरएस की हैट्रिक निश्चित

हैदराबाद: तेलंगाना के वित्त और स्वास्थ्य मंत्री टी हरीश राव ने एक इंटरव्यू में दावा किया की भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की सत्ता में हैट्रिक निश्चित है। इसी के साथ टी हरीश राव ने तेलंगाना में कांग्रेस की बढ़त के बारे में अपनी प्रतिक्रिया दी। राज्य में बीजेपी- कांग्रेस के बारे में उन्होंने काफी कुछ कहा।
टी हरीश राव ने कहा कि भाजपा उबलते दूध के झाग की तरह है। इसका कोई नेता या कैडर नहीं है। कुछ विशेष परिस्थितियों में उनकी जीत हुई, लेकिन उन्होंने खुद को ज्यादा महत्व दिया। एक चरण के बाद वास्तविकता सामने आ गई है। कर्नाटक चुनाव के बाद कांग्रेस भाजपा से बेहतर दिखाई दी। लेकिन, जो बीजेपी के साथ हुआ वही कांग्रेस के साथ भी होगा।
वहीं कांग्रेस में नेताओं के शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि कौन शामिल हो रहा है? जिसे भी बीआरएस ने बाहर का रास्ता दिखा दिया। अगर वे मैदान में अच्छे होते तो हम उन्हें बरकरार रख सकते थे। आकांक्षाएं तो होंगी ही। हम सर्वश्रेष्ठ चुनेंगे। हमने जुपल्ली (कृष्णा राव) और (पोंगुलेटी) श्रीनिवास रेड्डी को निलंबित कर दिया है। यह कहना सही नहीं है कि कांग्रेस को फायदा हुआ है। 2014 में उन्होंने हैदराबाद में केवल एक सीट जीती और 2018 में भी सिर्फ एक सीट जीती।
इसके अलावा 9 साल के शासन को लेकर टी हरिश राव ने कहा कि सड़क नेटवर्क में सुधार हुआ है। कानून व्यवस्था उत्तम है। पिछले नौ वर्षों में कोई कर्फ्यू नहीं लगा है। रोजगार, आईटी और उद्योग बढ़े हैं। हैदराबाद में हमारी कोई नकारात्मक टिप्पणी नहीं है। बाढ़ के मामले में भी बदलाव होता है। हमने जल निकासी नेटवर्क और नालों में सुधार किया। हमने लॉकडाउन अवधि के दौरान कई फ्लाईओवर और लंबित परियोजनाओं को पूरा किया।












Click it and Unblock the Notifications