तेलंगाना के मंत्री केटीआर ने गुजरात में प्रस्तावित डेटा दूतावासों पर जताई आपत्ति
केटीआर ने अपने पत्र में कहा, 'हैदराबाद भूकंपीय क्षेत्र-II में है, जो भारत में सबसे कम सक्रिय भूकंपीय क्षेत्रों में से एक है, और जो इस शहर को डेटा केंद्र स्थापित करने के लिए एक आदर्श स्थान बनाता है।

तेलंगाना के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री केटी रामा राव ने गुरुवार को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को एक पत्र लिखा, जिसमें उन्होंने गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक-सिटी (गिफ्ट सिटी) में डेटा दूतावास स्थापित करने के बजट प्रस्ताव के खिलाफ गंभीर आपत्ति जताई। केटीआर ने कहा कि जिस राज्य में भूकंप आने की सबसे ज्यादा आशंका रहती है, उस स्थान पर अंतर्राष्ट्रीय डेटा दूतावासों की स्थापना करना भारी खतरे से भरा हुआ है।
साथ ही अपनी चिट्ठी में केटीआर ने वो वजहें भी बताई, जिनसे हैदराबाद में डेटा सेंटर स्थापित करना सबसे ज्यादा ठीक रहेगा। केटीआर ने कहा कि गुजरात में डेटा सेंटर बनाने का एक बड़ा खतरा ये भी है कि ये राज्य एक दूसरे देश की सीमा से सटा हुआ है। उन्होंने सुझाव दिया कि डेटा दूतावासों के स्थान का चयन करते समय ग्राहक देशों के हितों पर भी विचार किया जाना चाहिए।
केटीआर ने अपने पत्र में कहा, 'हैदराबाद भूकंपीय क्षेत्र-II में है, जो भारत में सबसे कम सक्रिय भूकंपीय क्षेत्रों में से एक है, और जो इस शहर को डेटा केंद्र स्थापित करने के लिए एक आदर्श स्थान बनाता है। इसके विपरीत, GIFT शहर भूकंपीय क्षेत्र- III में स्थित है और भूकंपीय क्षेत्र- IV के बहुत करीब है। यह बताता है कि यह क्षेत्र भूकंप के लिए उच्च जोखिम में है। ऐसे क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय डेटा दूतावास स्थापित करना खतरे से भरा होता है और अगर महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना प्रभावित होती है तो अंतर्राष्ट्रीय संबंधों पर गहरा असर पड़ सकता है।'












Click it and Unblock the Notifications