साइबर सुरक्षा ब्यूरो स्थापित करने वाला देश का पहला राज्य बना तेलंगाना
अंजनी कुमार ने कहा, साइबर सुरक्षा में चुनौतियों का सामना करने के लिए विशेष रूप से साइबर सुरक्षा ब्यूरो का गठन किया गया है।

तेलंगाना के डीजीपी अंजनी कुमार ने बुधवार को कहा कि साइबर अपराध को रोकने और साइबर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अब तक के बेहद मजबूत उपाय शुरू करने से तेलंगाना पुलिस देश में सबसे आगे है।
ग्लोबल काउंटर टेररिज्म काउंसिल और डिजिटल इंडिया द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित साइबर सुरक्षा-2023 पर ऑनलाइन सम्मेलन में बोलते हुए, अंजनी कुमार ने कहा कि साइबर अपराधों की जांच और रोकथाम के लिए विशेष साइबर सुरक्षा ब्यूरो स्थापित करने वाला पहला भारतीय राज्य तेलंगाना है।
उन्होंने आगे कहा, 'माइक्रोसॉफ्ट सहित दुनिया की लगभग 600 प्रमुख आईटी कंपनियां हैदराबाद में स्थापित हैं और लगभग 10 लाख आईटी कर्मचारी और पेशेवर यहां काम कर रहे हैं। हम साइबर अपराधों को रोकने और उनका पता लगाने के लिए भी सभी उपाय कर रहे हैं।'
अंजनी कुमार ने कहा कि साइबर सुरक्षा में चुनौतियों का सामना करने के लिए विशेष रूप से साइबर सुरक्षा ब्यूरो का गठन किया गया है। बंजारा हिल्स में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में स्थापित इस ब्यूरो में लगभग 500 अधिकारियों और कर्मचारियों को नियुक्त किया गया है।
डीजीपी ने कहा कि तेलंगाना साइबर अपराध समन्वय केंद्र (टी4सी), जो पहले ही स्थापित हो चुका है, साइबर अपराधों को नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य के हर जिले में साइबर क्राइम जांच दल गठित किए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications