'तेलंगाना में चावल टीडीपी लेकर आई', बयान देकर घिरे चंद्रबाबू नायडू, लोगों ने सुनाई खरी-खरी
ऐसा लगता है कि चंद्रबाबू नायडू इस बात को भूल गए कि हैदराबादी बिरयानी जैसे चावल से बनने वाले व्यंजन उनके राजनीति में प्रवेश करने से बहुत पहले से ही इस क्षेत्र के व्यंजनों का हिस्सा थे।

पुरानी आदतें मुश्किल से छूटती हैं, खासकर आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू के लिए तो ये बात बिल्कुल सही बैठती है। तेलंगाना के गठन के लगभग नौ साल बाद, जब राज्य सभी क्षेत्रों में दूसरों से आगे बढ़ रहा है, ऐसे समय में तेलुगू देशम पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एन चंद्रबाबू नायडू ने एक बार फिर अपने बयानों से विवाद खड़ा कर दिया है।
दरअसल, घोर अहंकार और अज्ञानता दोनों की चादर ओढे हुए एक बयान में उन्होंने कहा कि तेलंगाना के लोगों ने टीडीपी के सत्ता में आने के बाद पहली बार चावल का स्वाद चखा। चंद्रबाबू नायडू ने कहा, 'टीडीपी के आगमन से पहले, तेलंगाना में लोग केवल मक्का, रागी और बाजरा खाते थे। तत्कालीन टीडीपी सरकार द्वारा 2 रुपये प्रति किलो चावल योजना शुरू करने के बाद ही उन्हें चावल खाने का सौभाग्य मिला।'
हालांकि, ऐसा लगता है कि चंद्रबाबू नायडू इस बात को भूल गए कि हैदराबादी बिरयानी जैसे चावल से बनने वाले व्यंजन उनके राजनीति में प्रवेश करने से बहुत पहले से ही इस क्षेत्र के व्यंजनों का हिस्सा थे।
रविवार को हैदराबाद में इंटिंटिकी तेलुगू देशम कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए चंद्रबाबू नायडू तेलंगाना में हुए बड़े स्तर के परिवर्तन से पूरी तरह से बेखबर दिखाई दिए। खासकर उस बदलाव से वो बेखबर नजर आए, जो यहां के लोगों और किसानों के जीवन स्तर में आया है। चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि उनकी पार्टी ने तेलंगाना के गरीब नेताओं को प्रोत्साहित किया और आगे बढ़ाया। साथ ही उन्होंने कहा कि टीडीपी गरीबों के लिए कल्याणकारी योजनाएं शुरू करने वाली पहली पार्टी है।
चंद्रबाबू नायडू के इस बयान की हर तरफ से आलोचना हुई है। लोगों ने कहा कि एक अलग राज्य की इच्छा ने ही तेलंगाना को मजबूत किया और राज्य के लोगों को इस तरह की वर्चस्ववादी विचारधारा से लड़ने के लिए प्रेरित किया। वहीं, कई लोगों ने नायडू के बयान पर कहा कि 9 साल बाद भी आंध्र प्रदेश के नेता अभी भी श्रेष्ठता की भावना से पीड़ित हैं। साथ ही कुछ लोगों ने नायडू को मानसिक अस्पताल में भर्ती होने की सलाह भी दी।












Click it and Unblock the Notifications