सोनाली फोगाट: सीएम खट्टर ने फोन पर गोवा सीएम से की बात, टीम भेजने का दिया ऑफर
सोनाली फोगाट: सीएम खट्टर ने फोन पर गोवा सीएम से की बात, टीम भेजने का दिया ऑफर
फतेहाबाद, 27 अगस्त: खट्टर सरकार ने भी सोनाली फोगाट मौत मामले में सीधा दखल शुरू कर दिया है। सरकार में शामिल उच्च पदस्थ सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल व गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के बीच इस मसले पर बातचीत हुई है। बताया गया है कि गोवा सीएम की ओर से इस मामले में ताजा अपडेट से मुख्यमंत्री मनोहर लाल को अवगत कराया गया है।

साथ ही, गोवा पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई और आगे संभावित जांच को लेकर भी मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को इनपुट दिया। इतना ही नहीं, सूत्रों की मानें तो हरियाणा सरकार की ओर से गोवा को ये आफर भी दिया गया है कि अगर गोवा सरकार को जांच में सहयोग के लिए जरूरत के हिसाब से हरियाणा से भी अधिकारियों की एक विशेष टीम भेजी जा सकती है जो वहां जांच में सहयोग करेगी। माना जा रहा है कि गोवा सरकार इस मसले पर शनिवार तक अपना रूख साफ कर सकता है।
गौरतलब है कि प्रदेश सरकार ने सीबीआई जांच की मांग पर सकारात्मक रूख दिखाया है। विपक्षी नेताओं जैसे नवीन जयहिंद, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष उदयभान और खुद भाजपा के अंदर से भी कुलदीप बिश्रोई आदि ने इस मामले की सीबीआई जांच की मांग की थी। ऐसे में बीते दिन मुख्यमंत्री मनोहर लाल की ओर से एक बयान आया था कि अगर सोनाली फोगाट के परिवार की ओर से इस संदर्भ में लिखित शिकायत देकर मांग की जाती है तो सरकार इस पर सकारात्मक रवैया अपनाएगी।
अब गेंद फिर से सोनाली फोगाट के परिवार के पाले में है। माना जा रहा है कि शनिवार तक परिवार तक इस मामले में अपना मन बना लेगा और इसके बाद सरकार को इस संदर्भ में सूचित कर दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications