जनरल से बदतर हो गए हैं स्लीपर और AC कोच', केजरीवाल बोले, अच्छी खासी रेलवे का बेड़ा गर्क कर दिया
नई दिल्ली : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर रेलवे का बेड़ा गर्क करने का आरोप लगाया है। केजरीवाल ने ट्वीट कर मोदी सरकार पर निशाना साधा। अरविंद केजरीवाल ने अपने ट्वीट में लिखा, अच्छी खासी चलती हुई रेलवे का इन्होंने बेड़ा गर्क कर दिया। केजरीवाल ने आगे लिखा कि आज AC कोच का भी अगर आप रिजर्वेशन लेंगे तो आपको बैठने या सोने के लिए सीट नहीं मिलेगी। AC और स्लीपर कोच जनरल से ज्यादा बदतर हो गए हैं। इन्हें सरकार चलानी ही नहीं आती। इन्हें समझ ही नहीं है। अनपढ़ सरकार है। हर क्षेत्र को बर्बाद कर रहे हैं।
जिससे ट्रेन नहीं चलती वो देश कैसे चलाएगा
अरविंद केजरीवाल ने मोदी पर सीधे निशाना साधा। केजरीवाल ने कहा कि जिससे रेल नहीं चलती वो देश कैसे चलाएगा। इससे पहले अरविंद केजरीवाल ने 14 जून को एक ट्वीट को रिट्वीट किया था जिसमें एसी कोच में भीड़ की तस्वीर पोस्ट की गई थी। उसी दिन सीएम ने एक और ट्वीट को रिट्वीट किया गया था। उस ट्वीट में यूजर ने लिखा था कि मैं पाटलिपुत्र एक्सप्रेस से थर्ड एसी में यात्रा कर रहा हूं, ऐसा महसूस हो रहा है कि मैं जनरल कोच में हूं। लोग मेरी सीट छोड़ने को तैयार नहीं हैं। इस तरह की सेवा देने के लिए बिहार के लोगों को सलाम और आईआरसीटीसी को सलाम। एक अन्य यूजर @Akshay8651 ने भी ट्वीट किया था कि देख कर लग रहा है कि ये एसी कोच है। जनरल से भी खराब हाल रहता है एसी कोच का गया-हावड़ा एक्सप्रेस में। ये 1 दिन का नहीं डेली का है। ये बी4 कोच है। सीएम केजरीवाल ने इस ट्वीट को भी रिट्वीट किया था।

दिल्ली में कानून व्यवस्था पर भी निशाना
इससे पहले केजरीवाल ने दिल्ली में कानून व्यवस्था के मुद्दे पर भी केंद्र पर हमलावर रुख अपनाया। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में कानून-व्यवस्था अगर उपराज्यपाल के बजाय आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार के अधीन होती, तो राष्ट्रीय राजधानी सुरक्षित होती। दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के आरके पुरम इलाके में रविवार सुबह हमलावरों ने दो महिलाओं की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हमलावर दोनों महिलाओं के भाई के पीछे पड़े थे और उनमें पैसों को लेकर कोई विवाद था।












Click it and Unblock the Notifications