नगर निगम में जल्द शुरु होगी भर्तियां, शैली ओबेरॉय ने कहा- केजरीवाल सरकार से मिल रहा पर्याप्त फंड
Shelly Oberoi: दिल्ली की मेयर डॉ. शैली ओबेरॉय गुरुवार को दक्षिणी क्षेत्र के पुष्प विहार सेक्टर-1 निगम के स्कूल पहुंची। इस दौरान उन्होंने विज्ञान मेले में शिरकत की। साथ ही, शिक्षकों को सम्मानित किया।
विज्ञान मेले में बोलते हुए एमसीडी मेयर डॉ. शैली ओबेरॉय ने कहा कि एमसीडी को केजरीवाल सरकार से पर्याप्त फंड मिल रहा है। अब जल्द एमसीडी की ओर से खाली पड़े पदों पर भर्तियां की जाएगी।

एमसीडी मेयर शैली ओबेरॉय ने कहा कि दिल्ली नगर निगम में जल्द डाटा एंट्री ऑपरेटर की भर्ती और सुरक्षा गार्ड की भर्ती की जाएगी। इस दौरान उन्होंने कहा कि अब शिक्षकों को डाटा एंट्री ऑपरेटर का काम नहीं करना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार शिक्षा पर बहुत जोर दे रही है, क्योंकि उनका मानना है कि शिक्षा ही वह माध्यम है जिससे दुनिया को बदला जा सकता है। साथ ही, देश को प्रगति के पथ पर आगे ले जाया जा सकता है।
इस दौरान उन्होंने कहा कि प्राथमिक शिक्षा एक सफल विद्यार्थी के लिए एक जरूरी बुनियाद है। एमसीडी के शिक्षक छात्रों को अपनी कड़ी मेहनत से हमारी संस्कृति एवं सामाजिक मूल्यों की शिक्षा दे रहे हैं। वह स्वयं भी एक शिक्षक रही है।
शैली ओबेरॉय ने कहा कि उन्होंने स्कूलों का निरीक्षण किया तो पाया कि कई स्कूलों में आधारभूत कमियां हैं। स्कूलों में सुरक्षा गार्ड नहीं हैं, डाटा एंट्री ऑपरेटर का अभाव है।
इस संबंध में इन सभी कार्यों के लिए दिल्ली नगर निगम को दिल्ली सरकार द्वारा उपयुक्त फंड उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही, यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि बच्चों को साफ एवं सुरक्षित वातावरण मिले।












Click it and Unblock the Notifications