प्रिंसिपलों को सिंगापुर भेजने के मामले में मुख्यमंत्री मान ने पूर्व CM चन्नी पर कसा तंज, कटघरे में किया खड़ा
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कांग्रेस पर सदन में निशाना साधा। प्रिंसिपलों को सिंगापुर भेजने के मामले में पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी पर तंज कसा।

मुख्यमंत्री भगवंत ने शनिवार को पंजाब विधानसभा में बजट बहस के दौरान कांग्रेस पर तीखा निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को कटघरे में खड़ा किया तो पूर्व वित्त मंत्री का नाम लिए बिना करारा व्यंग्य किया। मान ने कहा कि कांग्रेस पूछती है कि स्कूल प्रिंसीपलों को सिंगापुर क्यों भेजा, अमरीका क्यों नहीं। मान ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के अंतिम महीनों के दौरान उनके प्रिंसीपल यानी पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह अमरीका गए थे। वह पीएच.डी. करने गए थे। उनसे पूछेंगे कि वह क्या सीख कर आए हैं, उसके बाद प्रिंसीपलों को अमरीका भी भेज देंगे।
मान ने कहा कि चन्नी का थीसिस कांग्रेस के चढ़ाव व उतराव पर था, जिसके वह कारण तलाश रहे थे जबकि असल में एक कारण तो वह खुद थे। गरीबों का नाम लेकर उनके भांजे-भतीजे के घर धन मिला। मान ने कहा कि चन्नी ने अब भी झूठ बोला कि गुरु रविदास जी के कीर्तन में जाना था लेकिन भगवंत मान ने नाम ले लिया है तो रुक गए लेकिन हकीकत यह है कि 3 दिन पहले ही उनका लुकआऊट नोटिस जारी हो गया था।
भाजपा नेता अश्वनी शर्मा पर साधा निशाना
मान ने भाजपा विधायक अश्वनी शर्मा पर भी निशाना साधा और कहा कि भाजपा वाले कहते हैं कि केंद्र से मांगते भी हो और बुराई भी करते हो तो क्या पंजाब केंद्र से भीख मांग रहा है? पंजाब केवल हक मांग रहा है। केंद्र का फर्ज है कि बिना मांगे दे दे। जी.एस.टी. में भी हिस्सेदारी मांगनी पड़ती है। व्यापारियों को अभी तक जी.एस.टी. समझ नहीं आई।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अप्रत्यक्ष रूप से प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि कहा कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में बिजली मुफ्त कर दी। इलाज मुफ्त किया और मुफ्त गुणवत्ता वाली पढ़ाई की सुविधा दी लेकिन बड़े साहब कहते हैं कि यह फ्री की रेवड़ी बांटने वाले हैं। मान ने कहा कि अगर यह फ्री की रेवड़ी है तो बड़े साहब से पूछना चाहता हूं कि 15 लाख का पापड़ किसने बेचा था। 2 करोड़ नौकरियों की बात किसने कही? देश के कई संस्थान बेच दिए। केंद्र सरकार ने पंजाब की झांकी बाहर कर दी। कोयला श्रीलंका से घूम कर लाने को कहा।
यह भी पढ़ें- मान सरकार ने मुफ्त बिजली और स्वास्थ्य सुविधाएं देने के बावजूद पिछली सरकारों का 36046 करोड़ कर्ज चुकाया: कंग












Click it and Unblock the Notifications