नागपुर के बाद जींद में स्थापित होगा दूसरा बड़ा अग्निशमन प्रशिक्षण केंद्र : दुष्यंत चौटाला
उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि बजट में हरियाणा के प्रत्येक क्षेत्र के विकास को तवज्जो दी गई है। जींद को भी विकास नई सौगात मिली है।

उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि राज्य सरकार का बजट प्रत्येक वर्ग के उत्थान एवं कल्याण के लिए बेहतर साबित होगा। इससे प्रदेश में विकास एवं समाज कल्याण को नई दिशा मिलेगी। नागपुर के बाद जींद में दूसरा बड़ा अग्निशमन प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना का प्रावधान भी किया गया है। ये बातें उन्होंने शुक्रवार को नरवाना हलके के गांव दनौदा कलां में एक निजी कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहीं।
उन्होंने कहा कि बजट में हरियाणा के प्रत्येक क्षेत्र के विकास को तवज्जो दी गई है। जींद को भी विकास नई सौगात मिली है। जींद में खेल पुनर्वास केंद्र की स्थापना को मंजूरी दी गई है। इसके अलावा पानीपत एक्सप्रेस वे की मंजूरी भी केन्द्रीय बजट में दी जा चुकी है। यह एक्सप्रेस वे वाया जींद होकर गुजरेगा जिससे जिलेवासियों को सहूलियत होगी।
डिप्टी सीएम ने कहा कि बजट में प्रदेश के 11 जिलों में नर्सिंग केंद्र बनाने का प्रावधान है। इसके तहत जींद में पहले से मेडिकल कॉलेज निर्माणाधीन है और सरकार का प्रयास है कि इस मेडिकल कॉलेज के साथ लगते ही नर्सिंग केंद्र की स्थापना भी करवाई जाएगी। उन्होंने बजट को प्रदेश के आधारभूत ढांते को मजबूत बनाने, सिंचाई और सड़क जैसी मूलभूत आवश्यकताओं को गति देने वाला बताया। इस अवसर पर हरियाणा ग्रामोद्योग एवं खादी बोर्ड के चेयरमैन राजेंद्र लितानी, पूर्व विधायक पिरथी नंबरदार, मियां सिंह सिहाग, बलवान नैन दनौदा, रघबीर नैन दनौदा, जोरा सिंह डूमरखां, बिट्टू नैन मौजूद रहे।
ई-टेंडरिंग पर काम करके देखें सरपंच
उपमुख्यमंत्री ने पंचायत प्रतिनिधियों से सरकार की ओर से लागू की गई ई-टेंडरिंग प्रणाली के माध्यम से विकास कार्य करवाने का अनुरोध किया। कहा कि सभी जन प्रतिनिधि इस प्रणाली का पहले इस्तेमाल करके देखें। भविष्य में यदि विकास कार्यों में इससे देरी आती है या कोई परेशानी का सामना करना पड़ता है तो सरकार द्वारा इस प्रणाली में बदलाव का प्रयास किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications