दिल्ली: 5 बड़े अस्पतालों को रखा गया अलर्ट पर, स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कही ये बात
नई दिल्ली: जी20 शिखर सम्मेलन को लेकर दिल्ली सरकार के जिन पांच बड़े अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है, उनमें लोकनायक अस्पताल भी शामिल है। दिल्ली सरकार के इस सबसे बड़ा अस्पताल में जी20 समिट के दौरान किसी भी तरह की चिकित्सकीय आवश्यकता के लिए 24 बेड रिजर्व रखे गए हैं। इसमें 20 सामान्य बेड और चार आईसीयू बेड शामिल हैं।
अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि बेड रिजर्व करने के अलावा अस्पताल में विदेशी मेहमानों का ध्यान रखते हुए 20 कैमरे भी तैयार रखे गए हैं। अगर किसी डेलीगेट को कोई स्वास्थ्य संबंधी समस्या होती है तो तुरंत उनको एंबुलेंस से अस्पताल लाकर तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

इसके लिए डॉक्टरों की ट्रेनिंग कराई गई है और उनकी 40 सदस्यीय टीम 24 घंटे तैयार रहेगी। इसमें शामिल डॉक्टर आठ-आठ घंटे की शिफ्ट में 24 घंटे की ड्यूटी पर हैं। इसके अलावा अस्पताल जी20 शिखर सम्मेलन दौरान पूरी क्षमता के साथ काम करेगा। उन्होंने बताया कि जी20 शिखर सम्मेलन के लिए अस्पताल में की गई तैयारी को लेकर हमने ओपीडी में देखे जाने वाले मरीजों की संख्या में भी कोई कटौती नहीं की है।
ओपीडी, आपरेशन, जांच जैसी सभी सुविधाएं सुचारू रूप से चल रही हैं। अस्पताल 10 सितंबर, रविवार को भी पूरी क्षमता के साथ काम करेगा। उधर, दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने सभी डॉक्टरों और अन्य स्वास्थ्य कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा है कि इस बार हमारे पास देश का गौरव बढ़ाने का सुनहरा मौका आया है।
हम सबके कंधों पर एक बड़ी जिम्मेदारी है और विदेशी मेहमानों की स्वास्थ्य व्यवस्था में इस प्रकार से काम करना है कि जब वह लोग यहां से अच्छी और खूबसूरत यादें लेकर वापस जाएं। और तो और, वे जब भी वह अपने देश जाकर जी20 शिखर सम्मेलन की चर्चा करें, तो हमेशा उस चर्चा में दिल्ली की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं और आप सभी की सेवाओं की भी चर्चा और सराहना करें।
उन्होंने कहा कि जब कोई व्यक्ति कहीं जाता है तो वहां से ढेर सारी यादें लेकर आता है और वह यादें दो प्रकार की होती हैं। एक अच्छी यादें और दूसरी खराब यादें। हम सबको विदेशी मेहमानों को इतना सम्मान और इतना प्यार देना है, कि वह दिल्ली से अच्छी यादें लेकर जाएं।












Click it and Unblock the Notifications