चुनावी ताल ठोकने दो दिवसीय दौरे पर टोंक पहुंचे सचिन पायलट, सत्ता में दोबारा वापसी का जताया भरोसा
Sachin Pilot: राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 को लेकर प्रदेश का सियासी पारा चढ़ा हुआ है। इस बीच कांग्रेस नेता और राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट दो दिवसीय दौरे पर टोंक पहुंचे। पायलट ने इस दौरान सत्ता में फिर से वापसी का भरोसा जताते हुए बीजेपी पर जमकर हमला बोला।
कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता सब समझती है। किसने विकास किया है और किसने नहीं किया, यह जनता तय करेगी। इतना ही नहीं, पायलट ने कहा कि किसे वोट देना चाहिए और किसे नहीं इस बात का निर्णय जनता बड़ी समझदारी के साथ करेगी, कि उनके लिए कौन सही है।

पायलट ने मीडिया से बातचीत करते हुए केंद्र की बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा। पायलट ने कहा कि इस वक्त देश में जो माहौल बना है, उससे केंद्र सरकार डर गई है। कहा कि केंद्र सरकार मीडिया की आवाज भी दबा रही है। जांच एजेंसियां पत्रकारों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ कर रही हैं।
इस दौरान पायलट ने कहा कि राजस्थान की जनता ने 25-25 सांसदों को दो बार जीताकर बीजेपी को दिए। लेकिन, इन 9 सालों में उन्होंने राजस्थान को कोई भी बड़ी सौगात, परियोजना या पैकेज नहीं दिया। पेयजल के लिए लोग तरस रहे हैं, लेकिन केंद्र ने अब तक ईआरसीपी योजना का कुछ नहीं किया। पायलट ने राजस्थान में बीजेपी को विपक्ष की भूमिका निभाने में पूरी तरह विफल बताया।
पायलट ने दावा करते हुए कहा कि लोगों के जनमानस में अब काफी बदलाव आ चुका है। केंद्र सरकार की नीतियों के कारण गरीबों और अमीरों के बीच खाई बहुत बढ़ गई है। अमीर और अमीर हो गए हैं। उन्होंने कहा कि आगामी चार राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव में बीजेपी निश्चित रूप से हारेगी और 2024 के लोकसभा चुनाव बहुत निर्णायक देखने को मिलेंगे।












Click it and Unblock the Notifications