रीट पर सचिन पायलट बोले-'जो अभ्यर्थी पूर्व में परीक्षा दे चुके उनसे दुबारा फीस नहीं लेनी चाहिए'
जोधपुर। कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट बुधवार रात जोधपुर पहुंचे। यहां रीट परीक्षा को लेकर बयान देते हुए कहा कि जो कैंडिडेट पहले परीक्षा दे चुके हैं उनसे दोबारा फीस नहीं लेनी चाहिए। इसके साथ ही मामले की पारदर्शिता के साथ जांच हो। उन्होंने पांच राज्यों में हो रहे चुनाव पर भी कहा कि भाजपा नेताओं में हार के भय से घबराहट साफ नजर आ रही है। साफ है कि यूपी में योगी सरकार की विदाई तय है।

पायलट ने एयरपोर्ट पर बातचीत में कहा कि रीट परीक्षा को लेकर सभी चिंतित है। भाजपा इस मसले पर राजनीति करना चाह रही है। लेकिन राज्य सरकार इसे लेकर बहुत गंभीर नजर आ रही है। साथ ही भविष्य में ऐसी घटना ना हो इसके लिए आवश्यक सख्त कदम उठाए जा रहे है। युवाओं के रोजगार से जुड़ी पूरी व्यवस्था पारदर्शी होनी चाहिये। ताकि उनमें सरकार के प्रति विश्वास बना रहे। उन्होंने कहा कि पेपर लीक के राण परीक्षा को रद्द किया गया है। ऐसे में पहले परीक्षा में शामिल हो चुके युवाओं से दोबारा फीस नहीं ली जानी चाहिये।
चुनाव में कांग्रेस करेगी शानदार प्रदर्शन
सचिन ने कहा कि पांच राज्यों में प्रस्तावित चुनाव में कांग्रेस शानदार प्रदर्शन करने जा रही है। पंजाब, उत्तराखंड व गोवा में हम सरकार बनाने जा रहे है। वहीं यूपी में यह नहीं कह सकता कि हमारे कितनी सीटें आएगी, लेकिन इतना तय है कि कांग्रेस का वहां शानदार प्रदर्शन देखने को मिलेगा। हमारा वोट शेयर काफी बढ़ेगा। प्रियंका गांधी ने लगातार यूपी में रह जनता के बीच काम किया है। वहीं सपा-बसपा लंबे समय से निष्क्रिय रहे। इसका लाभ कांग्रेस को अवश्य मिलेगा।
योगी सरकार का जाना तय
उन्होंने कहा कि इतना तय है कि यूपी में योगी सरकार जा रही है। केन्द्र में भाजपा को सत्ता में रहते आठ साल हो गए। इसके बावजूद ये लोग जनता से जुड़े अहम मसलों जैसे महंगाई, रोजगार, शिक्षा व चिकित्सा पर बात नहीं कर रहे है। इसके स्थान पर जज्बाती बात कर धार्मिक मसलों पर बात कर रहे है ताकि जनता का ध्यान हटाया जा सके। लेकिन इस बार जनता ने ठान लिया है कि वे इनकी बातों में नहीं आएगी। भाजपा नेताओं में अजीब घबराहट साफ नजर आ रही है। अब डबल इंजन की सरकार का इंजन सीज होता नजर आ रहा है।
कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के गृहनगर जोधपुर में पहुंचने पर एयरपोर्ट पर कार्यकर्ताओं ने बड़ी गर्मजोशी के साथ सचिन का स्वागत किया। जोरदार नारेबाजी के बीच उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। एयरपोर्ट से वे सीधे उचियारड़ा एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए गए। कुछ देर शादी समारोह में रहने के बाद वे विशेष विमान से वापस रवाना हो गए।












Click it and Unblock the Notifications