Rajasthan: लंपी रोग को राष्ट्रीय आपदा घोषित करे केंद्र सरकार : सीएम गहलोत
जयपुर, 16 सितंबर। राजस्थान सहित देश के कई राज्यों में गौवंश में तेजी से लंपी संक्रमण रोग तेजी से फैल रहा है। प्रदेश में अब तक करीब 55 हजार गायों की मौत होने के साथ ही 12 लाख से ज्यादा गाय संक्रमित हो चुकी है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने लंपी चर्म रोग को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है।

गहलोत ने मोदी को लिखे पत्र में कहा कि राष्ट्रीय आपदा घोषित करने से इस बीमारी के बढ़ते प्रकोप और इससे पशुओं को बचाने के लिए चिकित्सा एवं परिवहन जैसी सुविधाओं को मजबूत करने में मदद मिलेगी ।गहलोत ने कहा कि राजस्थान सहित 15 राज्यों में यह बीमारी फैल चुकी है।
राज्य सरकार लंपी रोग से बचाव की पूरी कोशिश कर रही है। पशु मेलों एवं पशुओं के परिवहन पर रोक लगाई गई है। सीएम ने केंद्र सरकार ने लंपी बीमारी की रोकथाम के लिए वैक्सीन विकसित होने पर प्रदेश को पर्याप्त मात्रा में आपूर्ति करने का आग्रह किया है। राज्य सरकार के पशुपालन विभाग के आंकड़ों के अनुसार अब तक प्रदेश में 54,305 पशुओं की लंपी के कारण मौत हो चुकी है।
वहीं 12 लाख 12 हजार 231 गायों में यह संक्रमण मिल चुका है।मंत्रियों को अपने प्रभार वाले जिलों में गायों के रखरखाव पर निगरानी रखने के लिए कहा गया है। पशुपालन मंत्री लालचंद कटारिया खुद जिलों का दौरा कर रहे हैं। जिलों में लंपी रोग की रोकथाम सहित अन्य कार्यों के लिए कलक्टर की अध्यक्षता में समिति गठित की गई है।
यह कमेटी गौशालाओं में साफ-सफाई,पशु चिकित्सकों की उपलब्धता सहित अन्य आवश्यक कार्यों पर निगरानी रखेगी । उधर प्रदेश के ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री रमेश मीणा ने भरतपुर में कहा कि केंद्र सरकार लंपी को शीघ्र राष्ट्रीय आपदा घोषित कर राज्यों की मदद करे ।












Click it and Unblock the Notifications