तरन तारन हमले पर बोले CM मान, गैंगस्टरों को लेकर दिया यह बयान
भगवंत मान ने कहा कि हम पंजाब में कानून व्यवस्था कायम रखेंगे। पंजाब में आतंकवाद की वापसी का कोई सवाल ही पैदा नहीं होता।

जालंधर/तरनतारन: तरनतारन में पुलिस थाने पर राकेट लांचर से हुए हमले पर मुख्यमंत्री भगवंत मान की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। एक निजी चैनल को दिए इंटरव्यू में भगवंत मान ने कहा कि हम पंजाब में कानून व्यवस्था कायम रखेंगे। पंजाब में आतंकवाद की वापसी का कोई सवाल ही पैदा नहीं होता। पंजाब में लगातार गैंगस्टरों द्वारा कत्ल की वारदातों को अंजाम देने को लेकर भगवंत मान ने कहा कि यह जो गैंगस्टर हैं, यह कोई 7-8 महीने से नहीं बने हैं, बल्कि पहले पार्टियों द्वारा पाले गए हैं।
भगवंत मान ने सुखबीर सिंह बादल पर तीखा निशाना साधते हुए कहा कि जब सुखबीर बादल गृह मंत्री थे तब नाभा में जेल ब्रेक हुई था और गैंगस्टर भाग गए थे। पार्टी के युवा नेता ही गैंगस्टर थे। भगवंत मान ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह और सुखबीर बादल अपनी पार्टियों में गैंगस्टरों को पनाह देते रहे हैं। पहले डरा-धमका कर पार्टी में ले जाते थे और फिर काम से निकालकर जेल भेज देते थे।
उन्होंने कहा कि बीएसएफ, एनआईए के साथ हमारा तालमेल बहुत अच्छा चल रहा है। हमने राजस्थान, हरियाणा, मुंबई से गैंगस्टरों को गिरफ्तार किया है। पंजाब पुलिस पंजाब में कानून व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह सक्षम है। हमारे 10 मोस्ट वांटेड गैंगस्टर्स में से 8 कनाडा में हैं। इसके लिए केंद्र सरकार से अनुरोध किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications