पंजाब: किसानों की भलाई के लिए भगवंत मान सरकार का बड़ा फैसला, डेयरी फार्मिंग पर मुफ्त प्रशिक्षण देने का निर्णय
अनुसूचित जाति (एस.सी.) वर्ग के किसानों की आय के स्रोत बढ़ाने और उन्हें डेयरी फार्मिंग का व्यवसाय अपनाने हेतु प्रोत्साहित करने के लिए पंजाब सरकार ने अनुसूचित जाति के उम्मीदवारों को डेयरी फार्मिंग पर मुफ्त प्रशिक्षण देने का निर्णय लिया है।
पंजाब के पशुपालन, डेयरी विकास और मत्स्य पालन मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने कहा कि पंजाब डेयरी विकास बोर्ड अनुसूचित जाति के किसानों को मुफ्त डेयरी प्रशिक्षण देने के अलावा प्रशिक्षण के दौरान प्रतिदिन 350 रुपए का वजीफा भी देगा।

प्रशिक्षण के दौरान उम्मीदवारों को दुधारू पशुओं को खरीदने और उनके रख-रखाव, नस्ल सुधार, दूध से उत्पाद बनाने, पशुओं को मौसमी बीमारियों से बचाने, घर पर पशुओं के लिए चारा तैयार करने और साल भर हरा चारा उगाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
खुड्डियां ने बताया कि यह प्रशिक्षण चतामली (रूपनगर), बीजा (लुधियाना), फगवाड़ा (कपूरथला), सरदूलगढ़ (मानसा), वेरका (अमृतसर), गिल (मोगा), अबुल खुराना (श्री मुक्तसर साहिब), तरनतारन और संगरूर स्थित 9 ट्रेनिंग सैंटरों में दिया जाएगा। इस योजना के तहत 3 बैच में ट्रेनिंग दी जाएगी। पहले बैच के तहत ट्रेनिंग 24 जुलाई से 4 अगस्त तक होगी और इस संबंध में काऊंसलिंग 17 जुलाई को होगी। दूसरा बैच 25 सितम्बर से 6 अक्तूबर तक होगा और काऊंसलिग 18 सितम्बर को होगी। तीसरा बैच 28 नवम्बर से 8 दिसम्बर 2023 तक होगा और इसके लिए काऊंसलिंग 20 नवम्बर को होगी। 18 से 50 वर्ष की आयु के उम्मीदवार (पुरुष और विवाहित महिलाएं) प्रशिक्षण के लिए आवेदन कर सकते हैं ।












Click it and Unblock the Notifications