पंजाब: CM भगवंत मान ने किसानों को दी बड़ी राहत, प्रमाणित गेहूं के बीज पर मिलेगी 50 प्रतिशत की सब्सिडी
पंजाब की भगवंत मान सरकार ने किसानों को एक बार फिर बड़ी राहत दी है। उन्होंने गेहूं के बीज पर 50 प्रतिशत की सब्सिडी दी है। इसके लिए सीएम भगवंत ने पूरी तैयारी कर ली है। रियायती दरों पर लगभग दो लाख क्विंटल प्रमाणित गेहूं के बीज वितरित करने के लिए सरकार ने तैयारी की है।
बता दें कि गेहूं की बुआई का मौसम नजदीक आ गया है। पंजाब के कृषि और किसान कल्याण मंत्री गुरमीत सिंह खुडियन ने बताया कि प्रमाणित गेहूं के बीज किसानों को बीज की कुल लागत का 50 प्रतिशत अनुदान या अधिकतम 1000 रुपये प्रति क्विंटल उपलब्ध कराए जाएंगे। किसानों को गेहूं बीज की खरीद पर सब्सिडी की राशि कम होने के बाद बची राशि का ही भुगतान करना होगा।

उन्होंने कहा कि गेहूं के बीज पर अनुदान प्रति किसान अधिकतम 5 एकड़ (2 क्विंटल) क्षेत्र के लिए प्रदान किया जाएगा, इसके अलावा अनुसूचित जाति, लघु (2.5 एकड़ से 5 एकड़) और सीमांत किसानों (2.5 एकड़ तक) को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य के इच्छुक किसान गेहूं के बीज पर सब्सिडी का लाभ उठाने के लिए 31 अक्टूबर 2023 तक ऑनलाइन पोर्टल http://agrimachinerypb.com पर अपना आवेदन जमा कर सकते हैं।
'वितरण के दौरान कदाचार में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा'
उन्होंने विशेष मुख्य सचिव (विकास) केएपी सिन्हा को राज्य में बेचे जा रहे बीजों की कड़ी निगरानी सुनिश्चित करने के लिए कहते हुए कहा कि किसानों को केवल गुणवत्ता वाले बीज ही उपलब्ध कराये जाने चाहिए। बीज एजेंसियों के संबंधित अधिकारियों/कर्मचारियों के साथ-साथ जिला और ब्लॉक स्तर के कृषि अधिकारियों को सख्त चेतावनी जारी करते हुए स्पष्ट रूप से कहा कि बीज वितरण के दौरान कदाचार में शामिल पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
यह भी पढ़ें- पंजाब: CM मान कल 138 करोड़ की लागत से पशु आहार प्लांट का करेंगे शिलान्यास, नीदरलैंड की राजदूत होंगी शामिल












Click it and Unblock the Notifications