पंजाब: चंडीगढ़ में BJP ऑफिस के बाहर अडानी मामले में आप का प्रदर्शन, ग्रुप को फायदा पहुंचाने का लगाया आरोप
चंडीगढ़ के सेक्टर-37 स्थित भाजपा आफिस के समीप किए रोष प्रदर्शन में पंजाब के विधायक और कार्यकर्ताओं समेत चंडीगढ़ के सह-प्रभारी प्रदीप छाबड़ा व निगम में विपक्ष नेता एवं पार्षद दमनप्रीत सिंह समेत अन्य पार्षद शामिल हुए।

आम आदमी पार्टी (AAP) पंजाब ने भाजपा सरकार पर गौतम अडानी की कंपनियों को फायदे पहुंचाने के विरोध में रविवार को पंजाब भाजपा ऑफिस के पास विरोध प्रदर्शन किया। चंडीगढ़ के सेक्टर-37 स्थित भाजपा आफिस के समीप किए रोष प्रदर्शन में पंजाब के विधायक और कार्यकर्ताओं समेत चंडीगढ़ के सह-प्रभारी प्रदीप छाबड़ा व निगम में विपक्ष नेता एवं पार्षद दमनप्रीत सिंह समेत अन्य पार्षद शामिल हुए।
आप विधायकों व कार्यकर्ताओं समेत अन्यों ने मुख्य सड़क और भाजपा आफिस की ओर बढ़ने का प्रयास किया। इस दौरान चंडीगढ़ पुलिस ने पानी की बौछारें कर उन्हें पीछे धकेला। AAP कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच काफी देर तक जद्दोजहद जारी रही।
सुबह से रोष प्रदर्शन कर रहे AAP पंजाब के विधायकों ने कहा कि गौतम अडानी की कंपनियों के मुनाफे के लिए भाजपा ने सरकारी बैंकों, LIC समेत अन्य संस्थानों से कर्ज के रूप में पैसा देकर भारत की अर्थव्यवस्था को खोखला किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र की जनविरोधी नीतियों एवं विशेष रूप से अडानी समूह की अनावश्यक अवैध मदद के खिलाफ ही रोष प्रदर्शन किया जा रहा है। आरोप लगाए कि हर प्रकार की सरकारी जन सुविधाओं पर अडानी का कब्जा कराया गया है। आप का रोष प्रदर्शन दोपहर 2 बजे तक जारी रहा।
मुख्य सड़क पर ट्रैफिक और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
आम आदमी पार्टी ने प्रदर्शन में सभी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को पहुंचने की अपील की। इस पर चंडीगढ़ की ट्रैफिक पुलिस और अतिरिक्त पुलिस बल पहले ही सेक्टर-37 स्थित भाजपा ऑफिस को जाने वाली मुख्य सड़क पर मुस्तैद रही। AAP के विधायक व कार्यकर्ता लगातार विरोध प्रदर्शन कर भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। हालांकि आप कार्यकर्ताओं पर पानी की बौछारें करने से पहले तक ट्रैफिक पुलिस ने यातायात को सुगमता से चलाए रखा।












Click it and Unblock the Notifications