प्रमिला मलिक बनीं ओडिशा विधानसभा की पहली महिला अध्यक्ष, समूचे विपक्ष ने किया स्वागत
प्रमिला मलिक ओडिशा विधानसभा की पहली महिला अध्यक्ष बनी हैं। ये ओडिशा के इतिहास में नया अध्याय है, जब राज्य में किसी सत्तारूढ़ दल ने विधानसभा में किसी महिला नेता ये मौका दिया है। स्पीकर के पद के लिए चुनी जाने पर प्रमिला मलिक को पूरे सदन ने बधाई दी। इससे पहले मलिक छह बार विधायक रह चुकी हैं। उन्होंने वर्ष 1990 में हुए विधानसभा चुनाव में पहली बार जनता दल के टिकट पर चुनाव लड़ा था। बाद में बीजेडी ने उन्हें लगातार पांच बार मौका दिया।
ओडिशा में सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (BJD) ने 20 सितंबर को विधानसभा अध्यक्ष के चुनाव के लिए पार्टी की वरिष्ठ नेता और बिंझारपुर विधायक प्रमिला मलिक को अपना उम्मीदवार नामित किया था। लेकिन प्रमिला मलिक के सामने कोई दूसरे दल के प्रत्याशी का नामांकन नहीं हुआ। ऐसे में वे निर्विरोध चुनी गई हैं। बता दें कि ओडिशा विधायसभा के अध्यक्ष रहे बिक्रम केशरी अरुखा के इस्तीफे के बाद ओडिशा विधानसभा के अध्यक्ष का पद खाली हो गया था।

अपना नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले प्रमिला मलिक ने कहा, "महिलाओं में विश्वास जताने औरओडिशा विधानसभा अध्यक्ष चुनाव के लिए पहली महिला उम्मीदवार के रूप में चुनने के लिए माननीय मुख्यमंत्री नवीन पटनायक का आभारी हूं। मैं हर किसी या हर पार्टी को साथ लेकर निष्पक्ष तरीके से विधानसभा चलाने की पूरी कोशिश करूंगी।"
बीजू जनता दल की वरिष्ठ नेता और छह बार की विधायक प्रमिला मलिक नवीन पटनायक की कैबिनेट में राजस्व मंत्री भी रह चुकी हैं। बीजद के टिकट पर प्रमिला ने वर्ष 2000, 2004, 2009, 2014 और 2019 में चुनाव जीता। अब ओडिशा विधानसभा की स्पीकर बनकर उन्होंने एक नया इतिहास रच दिया।
विधानसभा स्पीकर पद के लिए नामांकन से ठीक एक दिन पहले उन्होंने मंत्री पद से इस्तीफा दिया था। ओडिशा विधानसभा के विशेष मानसून सत्र के पहले दिन स्पीकर-इन-चार्ज रजनीकांत सिंह ने मलिक के निर्विरोध चयन की घोषणा की। विपक्षी दलों कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने स्पीकर पद के लिए अपना उम्मीदवार खड़ा नहीं किया था।
स्पीकर चुने जाने के बाद प्रमिला मलिक ने अपने पहले भाषण में सभी सदस्यों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि अपने कार्यकाल में वह सदन को सुचारु रूप से चलाने और उसकी गरिमा को बनाए की हरसंभव कोशिश करेंगी। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने ओडिशा विधानसभा की पहली महिला स्पीकर प्रमिला मलिक को शुभकामनाएं दीं हैं।
सीएम पटनायक ने मल्लिक पर विश्वास जताते हुए कहा कि वह सदन को सुचारु रूप से चलाएंगी। प्रमिला मलिक विधायक, मंत्री और सरकार की मुख्य सचेतक रहीं हैं। ऐसे में उनका इतने लंबे अरसे का अनुभव सदन को चलाने में भी काम आएगा।












Click it and Unblock the Notifications