हरियाणा: रविवार 19 जून को घर-घर जाकर चलाया जाएगा पोलियो की दवा पिलाने का अभियान
चंडीगढ़, 18 जून। हरियाणा स्वास्थ्य विभाग द्वारा उप-राष्ट्रीय प्रतिरक्षण दिवस के पहले दौर में 19 जून को घर-घर जाकर पोलियो की दवा पिलाने का अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान मलीन बस्तियों, कारखानों, पोल्ट्री फार्मों, स्टोन क्रशर, निर्माण स्थलों, शहरी और अर्ध-शहरी क्षेत्रों आदि पर विशेष बल दिया जायेगा।

हरियाणा के स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनवरी, 2010 से लेकर अब तक शून्य से पांच वर्ष की आयु वर्ग के बच्चों को नियमित रूप से पोलियो की दवा पिलाकर राज्य के पोलियो मुक्त स्टेटस को बनाए रखते हुए 19 जून को उप-राष्ट्रीय प्रतिरक्षण दिवस (एस.एन.आई.डी.) का पहला दौर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें शून्य से पांच वर्ष की आयु वर्ग के लगभग 25 लाख बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। लगातार 3 दिन पोलियो की दवा पिलाने के इस अभियान के तहत पहले दिन बूथ गतिविधियां और शेष 2 दिनों में राज्य के 13 जिलों में घर-घर जाकर दवा पिलाने का कार्य किया जाएगा।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, हरियाणा के मिशन निदेशक प्रभजोत सिंह ने सिविल सर्जनों को सभी प्रबंध सुचारू रूप से किया जाना सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि इसके लिए दवा पिलाने के प्रशिक्षण के साथ-साथ जिला टास्क फोर्स का उन्मुखीकरण करते हुए प्रत्येक जिले में सभी तैयारियां की जाएं। उन्होंने कहा कि एस.एन.आई.डी. के पहले दौर का संचालन कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए किया जाना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications