पीएम मोदी ने भारत के कर्ज को दोगुना कर दिया: केटीआर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हैदराबाद यात्रा से पहले तेलंगाना के मंत्री केटी रामा राव ने मंगलवार को उनपर हमला बोला।

हैदराबाद: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हैदराबाद यात्रा से पहले तेलंगाना के मंत्री केटी रामा राव ने मंगलवार को उनपर हमला बोला। मीडिया को संबोधित करते हुए केटीआर ने दावा किया कि प्रधानमंत्री ने 100 लाख करोड़ रुपये का कर्ज लेकर भारत के कर्ज को दोगुना कर दिया है। उन्होंने 100 लाख करोड़ रुपये के इस्तेमाल को लेकर आशंका जताते हुए पूछा, 'ये पैसा आखिर कहां गया, इसे उन्होंने किसे बांटा?'
केटीआर ने इशारों इशारों में मुकेश अंबानी और गौतम अडानी का जिक्र करते हुए कहा, 'क्या आप गुजरात में उनके दो दोस्तों को जानते हैं कि वे कौन हैं? वे दो लोग ही बेचेंगे और केवल वही दो खरीदेंगे। देशम कोसम, धर्मम कोसम (देश के लिए, पुण्य के लिए) ये पुराना डायलॉग है, आज देश उन्हीं दो लोगों के लिए चल रहा है।'
आपको बता दें कि पीएम मोदी 19 जनवरी को तेलंगाना पहुंचेंगे। हैदराबाद और विजयवाड़ा के बीच एक वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के अलावा, वह तेलंगाना में 2,400 करोड़ रुपये की विभिन्न रेलवे परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। इसमें लगभग 700 करोड़ रुपये की लागत से सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन का आधुनिकीकरण भी शामिल है।
केटीआर ने कहा, 'नरेंद्र मोदी 19 जनवरी को आ रहे हैं, उन्हें बताना चाहिए कि यह सच है या नहीं कि उन्होंने अपने कॉर्पोरेट दोस्तों का कर्ज माफ कर दिया। अगर 1,45,000 करोड़ रुपये देश की जनता को दिए जाएं तो पूरे देश को मुफ्त बिजली दी जा सकती है, लेकिन सरकार नहीं देगी। अगर 1,45,000 करोड़ रुपये दिए जाएं तो देश के हर किसान को मुफ्त बिजली दी जा सकती है। लेकिन सरकार ऐसा नहीं करेगी, हां उनके दोस्तों के लिए 12-13 लाख करोड़ आश्चर्यजनक रूप से माफ किए जा सकते हैं।'












Click it and Unblock the Notifications