'मिशन-2024' के लिए बूथ स्तर पर कार्य करें पार्टी कार्यकर्ता: अजय चौटाला
जननायक जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अजय सिंह चौटाला ने कहा कि प्रजातंत्र में जनता ही जनार्दन होती है।
अजय चौटाला ने कहा कि जन शक्ति ही सबसे बड़ी शक्ति होती है इसलिए पार्टी कार्यकर्ता दो जुलाई को सोनीपत लोकसभा की जुलाना में होने वाली जेजेपी की रैली में संगठन की क्षमता को दिखाने का काम करें।

वे मंगलवार को सोनीपत जिले में बरोदा हलके के विभिन्न गांवों में जनसंपर्क अभियान कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों को जुलाना रैली का न्यौता दिया।
डॉ अजय सिंह चौटाला ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने मेहनत के दम पर जेजेपी के हर कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाया है। उन्होंने कहा कि हर कार्यक्रम में पार्टी ने अपने संगठन की ताकत दिखाई है। अजय चौटाला ने कहा कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि जुलाना रैली में सोनीपत लोकसभा क्षेत्र के लोगों की बढ़-चढ़कर हिस्सेदारी होगी और रैली ऐतिहासिक होगी।
जेजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि जन शक्ति के बदौलत ही जेजेपी की गठबंधन सरकार में हिस्सेदारी हुई। उन्होंने कहा कि आने वाला समय जेजेपी का है क्योंकि पार्टी कार्यकर्ता संगठन मजबूती पर निरंतर कार्य कर रहे हैं।
अजय चौटाला ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि बूथ स्तर पर अनुभवी टीमें खड़ी करें, इसके लिए हर बूथ पर एक सखी और एक योद्धा जैसे कार्यक्रमों को गति दें ताकि आगामी चुनावों में पार्टी का वोट प्रतिशत बढ़े और हमारा मिशन-2024 पूरा हो।
मंगलवार को अजय चौटाला ने बरोदा विधानसभा के गांव रिढ़ाना, कथूरा, माहरा, रूखी, शामडी, छतैहरा और बुटाना सहित आधा दर्जन से भी ज्यादा गांवों का दौरा किया। इस दौरान ग्रामीणों द्वारा जेजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया गया।












Click it and Unblock the Notifications