Maharashtra: 'पार्टी के वरिष्ठ नेता पंकजा मुंडे से बात करेंगे', डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा
Devendra Fadnavis on Pankaja Munde Statement: बीजेपी नेता पंकजा मुंडे के कांग्रेस में शामिल होने की अटकलों को लेकर डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने पत्रकारों के सवालों के जवाब दिए. प्रेस कॉन्फ्रेंस में देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि ''पार्टी के वरिष्ठ नेता पंकजा मुंडे से बात करेंगे और मुझे लगता है कि वह हमारी पार्टी के साथ काम करेंगी।''

देवेंद्र फडणवीस ने कहा, ''पंकजा मुंडे बीजेपी की राष्ट्रीय सचिव और एक वरिष्ठ नेता हैं. उनकी भी कुछ व्यक्तिगत राय है. विशेषकर एनसीपी ने जब हमें ज्वाइन किया. यह सच है कि हमारे लोगों का एनसीपी के साथ संघर्ष रहा है और एक रात में कोई स्वीकार नहीं कर सकता. पार्टी के वरिष्ठ नेता पंकजा मुंडे से बात करेंगे अगर उनके मन में जो बात होगी, सुनी जाएगी और मुझे लगता है कि वह हमारी पार्टी के साथ काम करेंगी और पार्टी में अच्छे से नेतृत्व करेंगी..'' देवेंद्र फडणवीस से पहले पंकजा मुंडे ने कांग्रेस में जाने की खबरों को अफवाह करार दिया था।
मैं सोनिया गांधी से नहीं मिली- पंकजा मुंडे
वहीं, बीजेपी छोड़ने की अटकलों पर पंकजा मुंडे ने कहा, ''कुछ दिन पहले यह खबर आई थी कि मैं राहुल गांधी और सोनिया गांधी से दो बार मिली हूं और मैं बीजेपी छोड़ रही हूं. ऐसी खबरें पूरी तरह झूठी हैं. मैं कसम खाती हूं कि मैंने किसी और पार्टी में शामिल होने के लिए उनके नेताओं से बात नहीं की है. मैं कभी भी राहुल गांधी और सोनिया गांधी से व्यक्तिगत रूप से नहीं मिली हूं। ''












Click it and Unblock the Notifications