ओडिशा: राज्यभर में 100 शतरंज प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करेगी नवीन सरकार
ओडिशा सरकार राज्य को खेल केंद्र में बदलने के अपने मिशन को आगे बढ़ाते हुए जल्द ही राज्यभर में 100 शतरंज प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करेगी। महिला ग्रैंडमास्टर और FIDE (अंतर्राष्ट्रीय शतरंज महासंघ) प्रबंधन बोर्ड की उपाध्यक्ष और लातविया के पूर्व मंत्री डाना रेज़नीस-ओज़ोला के साथ बैठक करते हुए मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने यह बात कही। उन्होंने राज्य में खेल को बढ़ावा देने के लिए सभी सहायता का आश्वासन दिया है।
सीएम नवीन पटनायक ने कहा कि हम अपने युवाओं को सर्वोत्तम अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं और शतरंज उनके विकास के लिए एक शक्तिशाली अवसर है। हमने राज्यस्तरीय शतरंज अकादमी प्रो-चेस-टा, स्कूल्स में शतरंज परियोजना की स्थापना की है। जबकि पूरे ओडिशा में 100 से अधिक शतरंज प्रशिक्षण केंद्रों की योजना बनाई है। हम अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए FIDE के साथ मिलकर काम करने के लिए तत्पर हैं।

शतरंज को एक दिमागी खेल के रूप में लोकप्रिय बनाने की आवश्यकता पर जोर
मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा कि सीएम नवीन पटनायक और डाना रेजनीस ओज़ोला ने युवाओं को बौद्धिक और भावनात्मक रूप से सशक्त बनाने की अपार क्षमता के लिए शतरंज को एक दिमागी खेल के रूप में लोकप्रिय बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया है।
बुनियादी ढांचा और प्रशिक्षण प्रदान करने के महत्व पर दिया जोर
बैठक में युवा शतरंज प्रतिभाओं की पहचान करने और उनका समर्थन करने और उन्हें राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए सही बुनियादी ढांचा और प्रशिक्षण प्रदान करने के महत्व पर प्रकाश डाला है। रेजनीस ओज़ोला ने युवाओं के बीच खेल के विकास को बढ़ावा देने के लिए नवीन और राज्य सरकार के अथक प्रयासों की प्रशंसा की।
यह भी पढ़ें- ओडिशा: अनाज भंडारण इकाइयों के लिए 5 कृषि सहकारी समितियों का चयन करेगी नवीन पटनायक सरकार












Click it and Unblock the Notifications