लोक कलाकारों का ओडिशा सरकार ने बढ़ाया पारिश्रमिक, अब आने-जाने और खाने के मिलेंगे 300 रुपए
ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने शनिवार को राज्य में कलाकारों को प्रोत्साहित करने के लिए सूचना और जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों में प्रदर्शन करने वाले कलाकारों के पारिश्रमिक में वृद्धि की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न लोक कलाओं जैसे दासकठिया, पाला, घोड़ा नृत्य, लोक नृत्य और लोक गीतों के पारिश्रमिक में वृद्धि करने का आदेश दिया है। यहां यह उल्लेख करना उचित है कि सूचना और जनसंपर्क विभाग लोक कला के माध्यम से विभिन्न सूचना, शिक्षा व संचार कार्यक्रम तथा सरकार की विभिन्न योजनाओं के सफल कार्यान्वयन के लिए प्रसार किया जाता है।

सरकार के इस नए निर्णय के अनुसार, प्रत्येक लोककला के लिए एक दिन में तीन घंटे में तीन प्रदर्शन करने के लिए पारिश्रमिक में वृद्धि की घोषणा की गई है। संगठन प्रमुख को प्रतिदिन 1,000 रुपये का भुगतान किया जाएगा और अन्य सदस्यों को 800-800 रुपये मिलेंगे। इसके अलावा कलाकारों के आने-जाने और खाने के लिए 300 रुपये प्रति व्यक्ति प्रतिदिन दिए जाएंगे।
नए पारिश्रमिक के अनुसार, दासकाठिया प्रदर्शन करने वाले कलाकार को पहले प्रति कार्यक्रम 200 रुपये का भुगतान किया जाता था, लेकिन अब दो सदस्यीय टीम को एक बार में 2,400 रुपये का भुगतान किया जाएगा।
इसी तरह पाला प्रदर्शन के मामले में पहले प्रति कार्यक्रम 350 रुपये दिए जाते थे, लेकिन अब छह सदस्यीय टीम को एक बार में 6,800 रुपये दिए जाएंगे। घोड़े के नृत्य के मामले में पहले प्रति कार्यक्रम 350 रुपये दिए जाते थे, लेकिन अब आठ सदस्यीय घोड़ा नृत्य मंडली को एक बार में 9,000 रुपये दिए जाएंगे।
उसी तरह से लोक नृत्य और लोक गीतों के लिए एक कार्यक्रम के लिए पहले 400 रुपये दिए जाते थे। अब आठ सदस्यीय टीम को एक बार में 9,000 रुपये दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की है कि सरकार के इस पहल से लोक कला के संरक्षण और कलाकारों को बढ़ावा देने में काफी मदद मिलेगी।












Click it and Unblock the Notifications