हरियाणा: राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की तैयारियों में जुटे भूपेंद्र सिंह हुड्डा
चंडीगढ़। केंद्र सरकार के खिलाफ हल्ला बोल अभियान चला रहे राहुल गांधी जल्द ही हरियाणा से हुंकार भरने वाले हैं। राहुल गांधी के भारत जोड़ा यात्रा के तहत हरियाणा कांग्रेस तैयारियों में जुटी है। हरियाणा के कांग्रेसी नेता अब भारत जोड़ो यात्रा का स्वागत करने को तैयार हैं। जब तक यह यात्रा हरियाणा में आएगी, तब तक पार्टी का संगठन बनकर तैयार हो चुका होगा। भारत जोड़ा यात्रा के प्रांतीय संयोजक के नाते महेंद्रगढ़ के विधायक राव दान सिंह इसकी तैयारियों में जुटे हुए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के भरोसेमंद राव दान सिंह ने भारत जोड़ा यात्रा में शामिल होने के लिए जिला स्तर पर कम से कम सौ-सौ युवाओं की टीम तैयार की है।

कांग्रेस प्रवक्ता अखिलेश प्रताप ने सोमवार को चंडीगढ़ पहुंचकर राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का कार्यक्रम साझा किया। बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस की हल्ला बोल रैली के बाद भारत जोड़ो यात्रा के रूप में कांग्रेस का यह देशव्यापी बड़ा कार्यक्रम है। हल्ला बोल रैली में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सबसे अधिक भीड़ जुटाई है।
हरियाणा में भारत जोड़ो यात्रा की सफलता का पूरा दारोमदार भी हुड्डा गुट पर रहेगा। चूंकि यह कार्यक्रम राहुल गांधी का है, इसलिए रणदीप सिंह सुरजेवाला, कुमारी सैलजा, किरण चौधरी और कैप्टन अजय सिंह यादव की उपस्थिति को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकेगा।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भारत जोड़ो यात्रा के संयोजक के रूप में पूर्व मुख्य संसदीय सचिव राव दान सिंह को पूरी जिम्मेदारी सौंपी है। कन्याकुमारी से कश्मीर तक होने वाली यह यात्रा डेढ़ सौ दिनों तक चलकर करीब साढ़े तीन हजार किलोमीटर का सफर तय करेगी।












Click it and Unblock the Notifications