मंत्री अमरनाथ ने TDP को दिया जवाब- 'आंध्र प्रदेश को 25 नवंबर को ही मिल गया था दावोस का न्योता'
टीडीपी नेताओं पर निशाना साधते हुए, आईटी मंत्री ने कहा कि आंध्र प्रदेश का जीएसडीपी 11.43 फीसदी है, जो राष्ट्रीय औसत से बेहतर है।

अमरावतीः आंध्र प्रदेश के आईटी और उद्योग मंत्री गुडिवाड़ा अमरनाथ ने मंगलवार को स्पष्ट किया कि उन्हें 25 नवंबर को ही विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ) के लिए दावोस आने का निमंत्रण मिला था। गुडिवाड़ा अमरनाथ ने ये बयान विपक्षी दल टीडीपी के उन दावों को खारिज करते हुए दिया, जिनमें कहा जा रहा है कि आंध्र प्रदेश सरकार को विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ) के लिए दावोस में आमंत्रित नहीं किया गया।
गुडिवाड़ा अमरनाथ ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि आंध्र प्रदेश के प्रतिनिधि सम्मेलन में शामिल नहीं हो सके क्योंकि राज्य सरकार ग्लोबल टेक समिट की व्यवस्था कर रही है, जो 3 और 4 मार्च को विशाखापत्तनम में आयोजित होने वाली है। उन्होंने मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी के नाम से आया डब्ल्यूईएफ का निमंत्रण मीडिया को भी दिखाया। विश्व आर्थिक मंच शिखर सम्मेलन 16 जनवरी को स्विट्जरलैंड के दावोस में शुरू हुआ और 20 जनवरी को समाप्त होगा।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में डब्ल्यूईएफ में भाग लेने वाले प्रतिनिधियों को आंध्र प्रदेश में अवसरों की झलक दिखाने के लिए टेक समिट में आमंत्रित किया गया है, क्योंकि हमारा राज्य देश में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में शीर्ष रैंकिंग वाला प्रदेश है।
टीडीपी नेताओं पर निशाना साधते हुए, आईटी मंत्री ने कहा कि आंध्र प्रदेश का जीएसडीपी 11.43 फीसदी है, जो राष्ट्रीय औसत से बेहतर है। साथ ही इस साल अब तक राज्य से होने वाले निर्यात की वैल्यू 1.5 लाख करोड़ रुपये है। पिछले साल 31 अक्टूबर तक आंध्र प्रदेश से निर्यात 97,000 करोड़ रुपये था, जबकि तेलंगाना से यह केवल 55,000 करोड़ रुपये था।












Click it and Unblock the Notifications