'आंबेडकर आवास नवीनीकरण' योजना के लाभार्थियों को खुशखबरी, मकान की मरम्मत के लिए अब CM खट्टर देंगे 80 हजार
Dr. BR. Ambedkar Awas Navinikarn Yojna: डॉ. बीआर अंबेडकर आवास नवीनीकरण योजना के लाभार्थियों के लिए अच्छी खबर है। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने इस योजना के अंतर्गत गरीब लोगों के पुराने मकान की मरम्मत के लिए मिलने वाली राशि और दायरा दोनों बढ़ा दिया है।
अब इस योजना में सभी वर्गों के लोगों को शामिल कर लिया गया है, जिनकी वार्षिक आय 1.80 लाख रुपए तक है। साथ ही, इस योजना के तहत लाभार्थियों को दी जाने वाली राशि को बढ़ाकर 80 हजार रुपए कर दिया गया है। पहले यह राशि 50 हजार रुपए थी। ऐसा बताया जा रहा है कि यह राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में भेजी जाएगी।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग हरियाणा (DPR Haryana) की तरफ से मिली जानकारी के मुताबिक, सीएम खट्टर शनिवार 30 सितंबर को 'डॉ. भीमराव अंबेडकर आवास नवीनीकरण' योजना के लाभार्थियों से रोहतक में ऑनलाइन संवाद कर रहे थे। इस अवसर पर अनेक लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री को गरीबों का हितैषी बताते हुए धन्यवाद किया।
सीएम खट्टर ने कहा कि प्रदेश सरकार गरीबों के साथ खड़ी है उनको सरकारी योजनाओं का लाभ देकर मुख्य धारा में शामिल करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा गरीबों के हित में उठाए गए कई महत्वपूर्ण क़दमों की जानकारी भी दी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस योजना के तहत 66 हजार से अधिक लाभार्थियों को 370 करोड़ रुपए की अब तक सहायता जी जा चुकी है। इतना ही नहीं, इस योजना के तहत अभी तक 1 लाख लोगों ने ऑनलाइन आवेदन किया है। जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान सीएम खट्टर ने जानकारी देते हुए बताया कि हर सिर पर छत उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना भी शुरू की गई है।
इसके लिए एक पोर्टल शुरू किया गया है जिस पर वे सभी गरीब परिवार मकान के लिए आवेदन कर सकेंगे, जिनकी वार्षिक आय 1 लाख 80 हजार रुपये तक है। इस योजना में पंचकूला, गुरुग्राम, सोनीपत और फरीदाबाद में फ्लैट बनाए जाएंगे। अन्य शहरों में प्लाट व फ्लैट दोनों विकल्प उपलब्ध होंगे।












Click it and Unblock the Notifications