मेडिकल कॉलेज के लिए अब नहीं करना पड़ेगा ज्यादा इंतजार, 25 सितंबर को सीएम खट्टर करेंगे शिलान्यास
Yamunanagar News: पिछले काफी लंबे वक्त से गुरु तेगबहादुर राजकीय मेडिकल कॉलेज का इंतजार कर रहे यमुनानगर वासियों के लिए अच्छी खबर है। अब उन्हें मेडिकल कॉलेज के लिए ओर अधिक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। जी हां...मेडिकल कॉलेज की निर्माण प्रक्रिया जल्द शुरू होने वाली है।
ताजा जानकारी के मुताबिक, मेडिकल कॉलेज के भवन का हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर 25 सितंबर को शिलान्यास करेंगे। प्रशासनिक स्तर पर इसकी तैयारियां शुरू हो गई है। बता दें कि यह मेडिकल कॉलेज पांजूपुर स्थित जिस जमीन पर बनना है, वहां की साफ सफाई करा दी गई है।

मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च विभाग की टीम ने भी यहां पर निरीक्षण किया है। बता दें कि यमुनानगर जिले में इस मेडिकल कालेज की घोषणा साल 2021 में हुई थी। इसके पश्चात मेडिकल कालेज का शिलान्यास 05 जून 2022 को गृह मंत्री अमित शाह ने पंचकूला में कर दिया था। यह मेडिकल कॉलेज 997 करोड़ की लागत से बनकर तैयार होगा।
29 मई 2022 को सीएम मनोहर लाल ने इसके नाम की घोषणा की थी। साथ ही, इसकी स्थापना के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) को मंजूरी दे दी थी। इसके लिए कार्यकारी एजेंसी भी नियुक्त कर दी गई है। ब्रिज एंड रूफ कंपनी आइ लिमिटेड इसका निर्माण करेगी।
बता दें कि इस मेडिकल कालेज के लिए 21 सितंबर 2021 को चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग और कार्यकारी एजेंसी के बीच एमओयू भी साइन हो चुका है। इतना ही नहीं, मेडिकल कॉलेज की घोषणा होने के बाद ही प्रशासन ने जमीन की तलाश शुरू कर दी थी। प्रशासन की ओर से पहले सेक्टर 22-23 में अधिग्रहित जमीन पर मेडिकल कालेज बनाने का प्रस्ताव दिया था।
हालांकि, बाद में सरकार ने नि:शुल्क जमीन तलाशने के आदेश जिला प्रशासन को दिए थे। इसके बाद पांजूपुर व रूलाखेड़ी में जमीन तलाशने का काम शुरू हुआ था। जिसके बाद पांजूपुर की जमीन सबसे उपयुक्त लगी, क्योंकि मेडिकल कालेज के लिए जमीन नागरिक अस्पताल से 10 किलोमीटर के एरिया में होनी चाहिए और करीब 10 एकड़ पंचायती जमीन होनी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications