मनीष सिसोदिया बोले- भाजपा ने LG और CS के जरिए बनाई झूठी रिपोर्ट, तुरंत हो कार्रवाई
दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा ने शराब घोटाले की कहानी बनाई और मेरे आवास पर सीबीआई की छापेमारी करवाई। सीबीआई की चार्जशीट से आज साफ हो गया कि मनीष सिसोदिया को झूठा बदनाम किया जा रहा था। भाजपा ने एलजी और सीएस के माध्यम से दिल्ली सरकार के खिलाफ झूठी रिपोर्ट बनाई।

उन्होंने आगे कहा कि सीबीआई ने मनीष सिसोदिया को क्लीन चिट दे दी है तो क्या ऐसे में एलजी और सीएस को पद से हटाना नहीं चाहिए? इनके खिलाफ तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए और इन्हें पद से हटाना चाहिए।
केजरीवाल ने शुक्रवार को ट्वीट कर लिखा कि CBI चार्जशीट में मनीष सिसोदिया का नाम नहीं है। पूरा केस फर्जी, रेड में कुछ नहीं मिला। 800 अफसरों को 4 महीने जांच में कुछ नहीं मिला। मनीष ने शिक्षा क्रांति से देश के करोड़ों गरीब बच्चों को अच्छे भविष्य की उम्मीद दी। मुझे दुख है ऐसे शख्स को झूठे केस में फंसा बदनाम करने की साजिश रची गयी।
वहीं दूसरी ओर AAP नेता आतिशी मार्लेना ने भी इस मुद्दे पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि आज सीबीआई ने आबकारी नीति मामले में चार्जशीट दाखिल की। उसमें मनीष सिसोदिया का नाम नहीं है। ये वही केस है, जिस पर बीजेपी वाले छत, गली-मोहल्ले पर चढ़कर बस एक ही बात कहते रहे कि सिसोदिया ने पैसे खाए। आरोप लगाते रहे लेकिन कुछ मिला नहीं। इससे ये सिद्ध होता है कि बीजेपी आज तक फर्जीवाड़ा कर रही थी। उन्होंने आगे कहा कि केंद्र सरकार की CBI कई महीनों की जांच के बाद एक रुपये का भ्रष्टाचार नहीं ढूंढ पाई, क्योंकि AAP एक कट्टर ईमानदार पार्टी है। बीजेपी नेताओं को अब प्रेस कॉन्फ्रेंस करके सिसोदिया से माफी मांगनी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications