मध्य प्रदेशः 31 मई तक पूरी बनेगी स्मार्ट रोड, नियो रेल प्रोजेक्ट की तैयारी
ट्रैफिक को लेकर सिंधिया ने कहा कि यहां खचाखच जैसे हाल हैं, एलिवेटेड रोड के बाद स्थिति बेहतर होगी। ग्वालियर का कायाकल्प करके ही चैन लेंगे।

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ग्वालियर में नियो रेल प्रोजेक्ट लाने के संकेत दिए हैं। अभी प्रोजेक्ट ड्राइंग स्तर पर है, जिसमें गोला का मंदिर से अचलेश्वर व किलागेट तक ट्रांसपोर्टेशन रहेगा। ग्वालियर में स्मार्ट रोड का प्रोजेक्ट 31 मई तक पूरा किया जाएगा और इसी तिथि से पहले लोकार्पण भी होगा। वहीं महाराज बाड़े पर शासकीय प्रेस में इंडस्ट्रियल म्यूजियम खुलेगा। इसके अलावा महाराजा बाड़ा पर ऐतिहासिक इमारतें खुद अपना इतिहास बताएंगी, जिसके लिए टच बटन सिस्टम लगाया जाएगा।
ट्रैफिक को लेकर सिंधिया ने कहा कि यहां खचाखच जैसे हाल हैं, एलिवेटेड रोड के बाद स्थिति बेहतर होगी। ग्वालियर का कायाकल्प करके ही चैन लेंगे। सोमवार को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कलेक्ट्रेट में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक ली। दो घंटे से ज्यादा चली बैठक में ग्वालियर के विकास कार्यों पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने केंद्रीय मंत्री को प्रजेंटेशन दिखाया। बैठक में प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, राज्य मंत्री भारत सिंह कुशवाह, सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, बीज विकास निगम के अध्यक्ष मुन्नालाल गोयल सहित जनप्रतिनिधि व अधिकारीगण उपस्थित थे।
हरियाली और सुंदरता दोनों होंगी: महाराज बाड़ा को लेकर सिंधिया ने कहा कि बाड़ा पर सौंदर्यीकरण व पेडेस्ट्रियन जोन का काम जारी है। बाड़े पर फर्श व पार्क होगी, यहां हरियाली से सुंदरता होगी। एक भी ओवरहेड इलेक्ट्रिकल वायर नहीं होगा, मकड़ी का जाल हटेगा। ऊर्जा मंत्री ने इसके लिए स्वीकृति दे दी है। महाराज बाड़ा पर एक-एक इमारत जो विश्वभर में अपनी अलग पहचान रखती है, हर इमारत का आर्किटेक्चर व इतिहास लोग जान सकेंगे। कियोस्क बनाया जाएगा, जिसमें बटन टच करते ही इतिहास व जानकारी मिलेगी। हजार बिस्तर अस्पताल के लिए स्वास्थ्य विभाग से वित्त मंत्रालय स्टाफ स्वीकृति का प्रस्ताव गया है, मैं खुद बात कर रहा हूं। जल्द ही मुख्यमंत्री शुभारंभ करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications