बसियां कोठी को आकर्षण का केंद्र बनाएगी मान सरकार, पर्यटन मंत्री अनमोल गगन ने दिलाया भरोसा
पर्यटन मंत्री अनमोल गगन ने कहा है कि बसियां कोठी को आकर्षण का केंद्र बनाया जाएगा।

चंडीगढ़: विश्व विरासत दिवस के मौके पर पंजाब के पर्यटन और सांस्कृतिक मामलों के मंत्री अनमोल गगन मान ने बस्सियां में जिला प्रशासन लुधियाना और महाराजा दलीप सिंह मेमोरियल ट्रस्ट रायकोट बासियां द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि राज्य सरकार 200 साल पुराने इस हेरिटेज भवन और इसके परिसर को पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनाएगी।
उन्होंने कहा कि पंजाब के लिए इस स्थान का ऐतिहासिक महत्व इसलिए है क्योंकि सिख राज्य के अंतिम महाराज दलीप सिंह ने अपनी आखिरी रात इसी स्थान पर गुजारी थी। मंत्री ने कहा कि बासियां कोठी के विकास के लिए जिला प्रशासन द्वारा दिए गए अनुमान के अनुसार सभी कार्य पूरे किए जाएंगे। पंजाब में पर्यटन के विकास के लिए जल स्रोत, धार्मिक तीर्थ, कलात्मक महत्व के स्थानों को लेकर योजना बनाई जा रही है।
उन्होंने बासियां कोठी के विकास कार्यों के लिए 20 लाख रुपये देने की घोषणा के लिए पंजाब से राज्यसभा सदस्य संजीव अरोड़ा का भी धन्यवाद किया। इस मौके पर बोलते हुए पंजाब से राज्यसभा सदस्य संजीव अरोड़ा ने कहा कि लुधियाना में पैदा होने के बावजूद मुझे इस जगह की अहमियत का पता नहीं था लेकिन आज के बाद मैं पूरे हक से देश के लोगों को इस जगह की सैर कराऊंगा। इस मौके पर अरोड़ा ने जिला प्रशासन को यहां के विकास के लिए 20 लाख रुपये देने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि भविष्य में इस जगह के विकास के लिए और संसाधन मुहैया कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि विश्व विरासत दिवस पर अपने परिवार के साथ बासियां कोठी आना हमारे लिए एक शुभ दिन है।
इस अवसर पर पंजाब के पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के मंत्री अनमोल गगन मान, सांसद संजीव अरोड़ा को डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी दिखाई गई। इससे पूर्व स. हरप्रीत सिंह संधू द्वारा विकसित सेल्फी प्वाइंट का भी अतिथियों द्वारा उद्घाटन इसी स्थान पर किया गया।












Click it and Unblock the Notifications