बंदी संजय की आलोचना पर जेपी नड्डा ने धर्मपुरी अरविंद और पेराला चंद्रशेखर को लगाई फटकार
धर्मपुरी अरविंद, पेराला चंद्रशेखर राव ने बीआरएस की एमएलसी के. कविता के खिलाफ बंदी संजय की टिप्पणियों की कड़ी निंदा की थी और उन्हें इसे वापस लेने के लिए कहा था।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने तेलंगाना में बीआरएस एमएलसी के. कविता के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियों के मुद्दे पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बंदी संजय की आलोचना के लिए निजामाबाद के सांसद धर्मपुरी अरविंद और पूर्व राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य पेराला चंद्रशेखर राव को फटकार लगाई है।
बताया जा रहा है कि जेपी नड्डा जल्द ही दोनों नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी करने की भी योजना बना रहे हैं। सूत्रों की मानें तो जेपी नड्डा इस मुद्दे पर दोनों नेताओं के मीडिया में जाने से काफी नाराज है। कहा यह भी जा रहा है कि जेपी नड्डा ने दोनों नेताओं को फोन किया और बंदी संजय को निशाना बनाने को लेकर गंभीर कार्रवाई की चेतावनी दी।
आपको बता दें कि धर्मपुरी अरविंद और पेराला चंद्रशेखर राव ने बीआरएस की एमएलसी के. कविता के खिलाफ बंदी संजय की टिप्पणियों की कड़ी निंदा की थी और उन्हें इसे वापस लेने के लिए कहा था। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक, इसके बाद इस मुद्दे पर पार्टी के भीतर बंटी हुई राय दिखी। पता चला है कि बजट सत्र के बाद पार्टी आलाकमान तेलंगाना इकाई के नेताओं के साथ अपने आंतरिक मुद्दों को सुलझाने के लिए एक और बैठक की योजना बना रहा है।












Click it and Unblock the Notifications