पलामू में बोले झारखंड सीएम हेमंत सोरेन, 'विपक्ष से डरेंगे नहीं, आंख से आंख मिलाकर देंगे जवाब'

खतियानी जोहार यात्रा के दूसरे दिन शुक्रवार को पलामू में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सभा शिवाजी मैदान में हुई। 49 मिनट के भाषण में सीएम हेमंत ने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। साथ ही, विपक्ष पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि जो खतियान की बात करेगा, वही झारखंड पर राज करेगा। भगवान और धर्म के नाम पर जन भावना से खेलने वाले झारखंड का विकास और झारखंड वासियों की खुशी बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं। अपना पाप हमारे सिर पर फोड़ रहे हैं। घोटाले इनके कार्यकाल में हुए और ईडी-सीबीआई हमारी जांच कर रही है।
संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग करने वाला विपक्ष चारों तरफ से भेड़िए की तरह हमला कर रहा है। लेकिन, झारखंड का यह बेटा किसी से डरे बिना, उनकी आंखों में आंखें डाल कर हर सवाल का जवाब दे रहा है। 20 वर्षों तक शासन करने वालों ने बच्चों और महिलाओं को कुपोषित बना दिया। राज्य के 40% बच्चे और 50% महिलाएं कुपोषित हैं। यह हमारी नस्लों को खत्म करने की साजिश थी। सीएम ने कहा कि रघुवर की सरकार ने गरीबों के तन से कपड़ा भी छीन लिया था। धोती-साड़ी देने की योजना लागू की। रघुवर सरकार अपने आकाओं की सेवा करती रही।
राज्य में धरना प्रदर्शन बंद, अब सभी वर्गों के चेहरे पर खुशी है
मुख्यमंत्री ने कहा कि गठबंधन की सरकार में सभी वर्गों के चेहरे पर खुशी है। पहले राज्य में रोज धरना-प्रदर्शन होता था। पारा शिक्षक साल के 11 महीने सड़क पर आंदोलन करते थे। मंत्री-विधायक के घरों का घेराव होता था। आंदोलनकारी लाठी खाते थे। लेकिन हमारी सरकार ने सभी की समस्या का समाधान किया है। मेरा संकल्प है कि अगली बार सरकार बनने पर हर खेत में पानी होगा और राज्य में ही हर हाथ को काम मिलेगा।
जनसभा में सीएम के साथ फोटो खिंचाने की लगी होड़
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ फोटो खिंचाने के लिए नेताओं में होड़ लगी रही। छोटे, जवान व बुजुर्ग हर उम्र वाले सीएम के साथ एक फोटो अपने मोबाइल फोन में उतारना चाहते थे। मंच पर मुख्यमंत्री के आने के बाद करीब 20 मिनट तक यह सिलसिला चलता रहा। सीएम ने भी किसी को निराश नहीं किया। हर किसी के साथ मुस्कुराते हुए कैमरे में कैद हो गए।












Click it and Unblock the Notifications