jhaarakhand : सीएम हेमंत सोरेन का केंद्र सरकार पर हमला, बोले- चुनी हुई सरकार को काम नहीं करने देना चाहती
रांची: दिल्ली में सेवा पर नियंत्रण से जुड़े केंद्र सरकार के अध्यादेश के खिलाफ समर्थन मांगते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को झारखंड के अपने समकक्ष हेमंत सोरेन से रांची में मुलाकात की।

रांची: केंद्र सरकार के एक अध्यादेश के खिलाफ विपक्ष को एकजुट करने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान गुरुवार को रांची पहुंचे। शुक्रवार को दोनों मुख्यमंत्रियों ने झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन से मुलाकात की। इस दौरान सीएम हेमंत ने केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। कहा कि केंद्र सरकार देश में चुनी हुई सरकार को काम करना नहीं देना चाहती। कहा कि इसका मतलब सीधे जनता पर प्रहार करना होता है. आगामी लोकसभा चुनाव में देश की जनता बीजेपी को जरूर सबक सिखाएगी।
केंद्र सरकार हमेशा गैर-भाजपा शासित राज्य की सरकारों को परेशान कर रही
सीएम हेमंत ने कहा कि केंद्र सरकार की हर वक्त कोशिश रहती है कि गैर-भाजपा शासित राज्य के सरकारों को परेशान करे। कहा कि केंद्र सरकार संघीय ढांचे की बात जरूर करती है, लेकिन काम इसके उलट होता है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से केंद्र सरकार काम कर रही है यह सही नहीं है। लोकतंत्र में प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और संसद सब ज्यादा जनता के प्रतिनिधि हैं। जनता सर्वपरि है।
उन्होंने कहा कि 28 मई, 2023 को लोकसभा का उद्घाटन किया गया, लेकिन उस लोकसभा के पास में कई ऐसी घटना घटी जो देश को शर्मिंदा करने जैसी थी। कहा कि किसी चुनी हुई सरकार को काम नहीं करने देने का मतलब होता है सीधे जनता पर प्रहार करना।
सीएम हेमंत सोरेन का किया शुक्रिया अदा
इधर, दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान ने सीएम हेमंत सोरेन से मिलकर शुक्रिया अदा किया। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सीएम हेमंत सोरेन के साथ सकारात्मक चर्चा हुई। कहा कि कुछ दिन पहले सुप्रीम कोर्ट ने फैसला दिया और कहा कि जनता जो सरकार चुनती है उसे काम करने का पूरा हक मिलना चाहिए।
मालूम हो कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रशासनिक सेवाओं पर नियंत्रण के लिए लाये गये केंद्रीय अध्यादेश का विरोध और विपक्ष को एकजुट करने के उद्देश्य से इन दिनों दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल गैर-भाजपा राज्यों के मुख्यमंत्रियों से समर्थन मांग रहे हैं. इससे पहले तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन से मिलकर सहयोग की मांग की थी। सीएम स्टालिन ने हर संभव सहयोग का आश्वासन दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान को दिया। इधर, सीएम हेमंत साेरेन से मुलाकात के दौरान आप नेता व सांसद संजय सिंह, राघव चढ्ढा, रांची की राज्यसभा सांसद महुआ माजी समेत अन्य उपस्थित थे।












Click it and Unblock the Notifications