राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए JJP ने कसी कमर, अजय चौटाला ने कहा- पार्टी जारी करेगी अपना घोषणा पत्र
जननायक जनता पार्टी (JJP) ने राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी है। जयपुर में जेजेपी के वरिष्ठ नेताओं ने रविवार (08 अक्टूबर) को राजस्थान कार्यकारिणी के साथ अहम बैठक की। इस बैठक में हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के रोड शो कार्यक्रम आदि विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
बता दें कि यह बैठक जेजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अजय सिंह चौटाला की अध्यक्षता में जयपुर में आयोजित हुई। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अजय सिंह चौटाला ने कहा कि राजस्थान की जनता के हित में जेजेपी प्रदेश में परिवर्तन लाना चाहती है। कहा कि यहां जेजेपी जनता से बकायदा वादा करके चुनावी मैदान में उतरेगी।

JJP चुनावी घोषणा पत्र करेंगी जारी
पार्टी के अध्यक्ष अजय चौटाला ने कहा कि जेजेपी राजस्थान चुनाव के लिए घोषणा पत्र जारी करेगी। ताकि, जेजेपी की सरकार में हिस्सेदारी होने के बाद उन वादों को पूरा करके जनता को लाभान्वित किया जा सके। उन्होंने कहा कि जेजेपी ने बैठक में फैसला लिया है कि उनकी अध्यक्षता में एक कमेटी पार्टी का घोषणा पत्र तैयार करेगी।
हर वर्ग का रखा जाएगा खासा ध्यान
उन्होंने कहा कि पार्टी घोषणा पत्र में राजस्थान के युवाओं को बेहतर शिक्षा और रोजगार, महिलाओं को सम्मान, किसानों की आर्थिक स्थित मजबूत करने आदि अहम विषयों को ध्यान में रखते हुए घोषणा पत्र बनाएगी। जिसमें हर वर्ग का खासा ध्यान रखा जाएगा। इस दौरान कार्यकारिणी की बैठक में दिग्विजय चौटाला ने पार्टी पदाधिकारियों को पार्टी की नीतियों और प्रचार-प्रसार के कार्यक्रमों के बारे में अवगत करवाया।
JJP के साथ जुड़ रहे है लोग
दिग्विजय चौटाला ने कहा कि जेजेपी की सीकर में हुई सफल और विशाल रैली के बाद प्रदेश के लोग बदलाव के लिए जेजेपी के साथ निरंतर जुड़ रहे है। इसी कड़ी में हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला सीकर की सफल रैली के लिए स्थानीय लोगों का आभार व्यक्त करने के लिए राजस्थान में आ रहे है।
रोड-शो के कार्यक्रम की रूपरेखा हुई तैयार
उन्होंने कहा कि डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के रोड शो कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार हो गई है। दुष्यंत चौटाला 13 अक्टूबर को नोहर और सूरतगढ़, 14 अक्टूबर को दातारामगढ़, 19 अक्टूबर को कोटपूतली और 20 अक्टूबर को भरतपुर में रोड शो के कार्यक्रम करेंगे तथा क्षेत्रीय लोगों से रूबरू होंगे।
पार्टी पदाधियारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
बैठक में राजस्थान से जेजेपी प्रदेश अध्यक्ष पृथ्वी मील व अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी पार्टी पदाधिकारियों को संगठन मजबूती और चुनावी रणनीति के बारे में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्थान में जेजेपी मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है और विधानसभा चुनावों में जनता को कांग्रेस की राज्य सरकार से छुटकारा दिलाने और प्रदेश में बदलाव लाने के लिए जेजेपी अहम कड़ी साबित होगी।












Click it and Unblock the Notifications