लोगों की समस्याओं को गृहमंत्री अनिल विज ने सुना, अधिकारियों को दिए ये खास निर्देश
Haryana News: हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने अपने आवास पर प्रदेश के कोने-कोने से आए लोगों की समस्याओं को सुना। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। बता दें कि विज के समक्ष पूर्व सैनिक की विधवा ने शिकायत रखते हुए बताया कि वह अम्बाला छावनी में डिफेंस कालोनी की रहने वाली है और उसने एक डीलर से प्लॉट खरीदा था।
मगर बार-बार कहने के बावजूद भी न तो डीलर ने रजिस्ट्री उसके नाम की और न ही उसके पैसे लौटाए। इसी तरह, अम्बाला शहर निवासी उद्योगपति ने गृह मंत्री को बताया कि गत दिनों उसे विदेशी नंबर से कॉल आई और कॉल करने वाले ने स्वयं को बवानिया गैंग का सदस्य बताते हुए जान से मारने की धमकी दी। उसने बताया कि पूर्व में उसने दिल्ली के एक व्यापारी के खिलाफ सवा दो करोड़ की धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया था।

इसी केस को वापस लेने की धमकी आरोपियों द्वारा दी गई। गृह मंत्री अनिल विज ने दोनों मामलों में अम्बाला एसपी को जांच कर केस दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने समक्ष कबूतरबाजी के कई मामले सामने आए जिन्हें कबूतरबाजी के लिए गठित एसआईटी को जांच के निर्देश दिए गए। कैथल निवासी रिटायर्ड सब-इंस्पेक्टर ने शिकायत देते हुए बताया कि उसके बेटे को अमेरिका भेजने के नाम पर ठग ने 30 लाख रुपए की ठगी की थी।
इसी तरह, कुरुक्षेत्र निवासी युवक ने व्यक्ति ने बताया कि उसके बेटे को एजेंट ने विदेश भेजने के नाम पर 42 लाख रुपए की ठगी की, वहीं कैथल निवासी महिला ने बताया कि उसके बेटे से एजेंट ने अमेरिका भेजने के नाम पर 55 लाख रुपए की ठगी की। गृह मंत्री ने सभी मामलों में एसआईटी को कार्रवाई के निर्देश दिए।
इंद्री में हत्या मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित
अनिल विज को इंद्री निवासी परिवार ने बताया कि उनके बेटे की गत दिनों हत्या कर दी गई थी। उनका आरोप था कि पुलिस ने हत्या का केस तो दर्ज किया, मगर अब तक आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हुई है। गृह मंत्री विज ने मामले की जांच एसआईटी से कराने के निर्देश दिए। अम्बाला शहर निवासी महिला ने उसके बेटे पर आर्म्स एक्ट का फर्जी मुकद्दमा दर्ज होने की शिकायत दी जिस पर गृह मंत्री ने एसपी को जांच के निर्देश दिए।












Click it and Unblock the Notifications