14 को कांग्रेस की 'परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली' प्रियंका गांधी करेंगी संबोधित, हिमाचल चुनाव का होगा शंखनाद
हिमाचल विधानसभा चुनाव 2022 जीतकर सत्ता पाने की जद्दोजहद में जुटी कांग्रेस 'परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली' करके चुनावी शंखनाद फूंकेगी। कांग्रेस ने प्रियंका गांधी की सोलन के ठोडो मैदान में 14 अक्टूबर को होने वाली रैली को 'परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली' नाम दिया है। इसकी तैयारियों को लेकर शिमला में आज पार्टी की अहम बैठक बुलाई गई है। इसमें भीड़ जुटाने को लेकर रणनीति बनाई जाएगी।

इसी कड़ी में रैली की तैयारियों का जायजा लेने के लिए कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह बुधवार सुबह पहुंची। उन्होंने ठोडो ग्राउंड में सभा स्थल का जायजा लिया और विधायक कर्नल धनीराम शांडिल समेत अन्य कांग्रेस पदाधिकारियों से रैली की तैयारियों को लेकर चर्चा की।
ऐतिहासिक होगी प्रियंका गांधी की रैली- प्रतिभा सिंह
इस मौके पत्रकारों से बातचीत में प्रतिभा सिंह ने कहा यह रैली ऐतिहासिक होने वाली है। यह प्रदेश में कांग्रेस की ओर से आने वाले विधानसभा चुनाव के लिए शंखनाद होगा उन्होंने कहा कि पिछले 5 साल में निजाम सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। महंगाई और बेरोजगारी चुनाव में मुख्य मुद्दे रहेंगे। उन्हें कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बार-बार हिमाचल आ रहे हैं, लेकिन अब उनके दौरों को प्रदेश की जनता गंभीरता से नहीं ले रही क्योंकि वह आते हैं लेकिन बिना कुछ दिए चले जाते हैं।
इस बार बदला सभा स्थल
लंबे समय से कांग्रेस सोलन में अपनी जनसभा पुलिस ग्राउंड में करवाती रही है। इस बार पार्टी अपना कार्यक्रम ठोडो ग्राउंड में करवा रही है। शिमला संसदीय क्षेत्र के अधिकतर कार्यक्रम सोलन में होते हैं, क्योंकि यह संसदीय क्षेत्र के बीच में स्थित है। भाजपा ने भी 10 अक्टूबर को अपना पंच परमेश्वर कार्यक्रम सोलन में ही करवाया।
हिमाचल कांग्रेस के सह प्रभारी एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव संजय दत्त आज और कल 2 दिन तक अलग-अलग ब्लॉक व जिला अध्यक्षों के साथ बैठकें करेंगे। इस दौरान सभी कांग्रेस नेताओं व इसके फ्रंटल ऑर्गेनाइजेशन के नेताओं को रैली में लोगों को लाने संबंधी लक्ष्य दिए जाएंगे। इसमें चर्चा की जाएगी कि रैली में लोगों को लाने का माध्यम क्या हो और कैसे अधिक संख्या में लोगों को रैली स्थल तक पहुंचाया जाए। कांग्रेस के लिए मौसम का अनुमान राहत का संदेश लेकर आया है। 14 को सोलन में मौसम साफ रहने की संभावना है। इससे पार्टी को यहां लोगों की भीड़ जुटाने में आसानी होगी।
पहले मौसम की वजह से स्थगित की थी रैली
शिमला संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस की यह रैली पहले 10 अक्टूबर को होनी थी। प्रियंका गांधी ने 10 का समय ही दिया था। पार्टी के सह प्रभारी संजय दत्त ने इसकी रूपरेखा के लिए पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश भी दे दिए थे। बाद में कांग्रेस ने बारिश की संभावना और करवा चौथ का हवाला देते हुए रैली को 14 अक्टूबर के लिए स्थगित कर दिया। पार्टी इस रैली को सफल बनाने के लिए पूरा जोर लगा रही है। पार्टी नेता यहां 40 हजार लोगों की भीड़ जुटाने का दावा कर रहे हैं।
पार्टी ने कांग्रेस, कांग्रेस सेवादल, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस और NSUI के पदाधिकारियों को भी आज होने वाली बैठक में शामिल होने के निर्देश दिए हैं। बताया जा रहा है कि टिकट के दावेदारों पर 14 को होने वाली रैली में भीड़ जुटाने का ज्यादा दारोमदार रहेगा। रैली स्थल पर कांग्रेस खासकर यह देखेगी कि किस टिकट दावेदार के साथ कितने लोग रैली में पहुंचे हैं। इसकी रिपोर्ट हाईकमान को भी भेजी जाएगी।
सभी नेताओं को रैली में भीड़ साथ लाने के निर्देश
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने सभी नेताओं को रैली में ज्यादा से ज्यादा लोगों को साथ पहुंचने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कांग्रेस के मौजूदा व पूर्व विधायक को भी रैली में लोगों के साथ उपस्थित होने को कहा है। उन्होंने बताया कि प्रियंका गांधी की रैली कर कांग्रेस चुनावी शंखनाद करेंगी और एकजुटता का परिचय देंगी।
सोलन में होगी ऐतिहासिक रैली: चौहान
कांग्रेस उपाध्यक्ष नरेश चौहान ने बताया कि पार्टी का हर कार्यकर्ता प्रियंका गांधी की रैली को लेकर उत्साहित है। 14 अक्टूबर को सोलन के ठोडो मैदान में ऐतिहासिक रैली होगी। इस रैली के साथ ही कांग्रेस प्रदेशभर में विधिवत रूप से चुनाव प्रचार का शुभारंभ करेगी।












Click it and Unblock the Notifications