हेमंत सरकार ने जारी किए कोरोना वायरस संकट से निपटने के लिए दिशा-निर्देश
चीन में कोरोना वायरस की लगातार गंभीर होती स्थिति, बढ़ती लहर और विश्व स्वास्थ्य संगठन की कड़ी चेतावनी के बाद अब धनबाद सहित राज्य के तमाम जिलों में कोरोना संक्रमण को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

रांची,22 दिसंबरः चीन में कोरोना वायरस की लगातार गंभीर होती स्थिति, बढ़ती लहर और विश्व स्वास्थ्य संगठन की कड़ी चेतावनी के बाद अब धनबाद सहित राज्य के तमाम जिलों में कोरोना संक्रमण को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मुख्यालय ने जिला आपदा प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सह उपायुक्त संदीप सिंह को पत्र भेजा है। इसमें अस्पताल में कोविड बेड, आइसीयू बेड, आक्सीजन की तैयारी, जांच के लिए विभिन्न इकाइयों को तैयार करने को कहा है।
सावधानी बरतने के निर्देश
उपायुक्त के निर्देश पर जिला महामारी रोग नियंत्रण विभाग को कोरोना से पीड़ित मरीजों की पहचान, दूसरे प्रभावित देशों से धनबाद आने वाले लोगों की निगरानी करने, भीड़भाड़ वाले इलाके में मास्क का प्रयोग करने संबंधी अन्य निर्देश दिए गए हैं। जिला महामारी रोग नियंत्रण विभाग ने सभी प्रखंडों के चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्देश जारी किया है।
चीन में बढ़ रहे संक्रमण से फिर से बड़ा खतरा
निर्देश में यह बताया जा रहा है कि चीन में एक बार फिर से कोरोना की लहर शुरू हो गई है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भी सभी देशों को अलर्ट पर रहने की चेतावनी जारी की है। डा. राजकुमार सिंह ने बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन का कहना है इस बार जिनोम सीक्वेंसिंग करना बेहद जरूरी है। चीन में पाए जाने वाला वायरस तेजी से लोगों को संक्रमित कर रहा है। इसके अलावा इसकी मृत्यु दर भी तेज है।विश्व स्वास्थ्य संगठन ने अनुमान लगाया है कि यदि विशेष सतर्कता नहीं बरती, तो कैजुअल्टी ज्यादा हो सकती है। हालांकि एसएनएमएमसीएच में अब तक जिनोम सीक्वेंसिंग जांच नहीं शुरू हो पाई है।
धनबाद में कोरोना से अब तक गईं 400 से अधिक जानें
धनबाद कोयलांचल में कोरोना के कारण 400 लोगों की जान चली गई। सबसे ज्यादा लोगों की जान कोरोना वायरस की दूसरी लहर में गई थी। लगभग 21 हजार लोग कोरोना से संक्रमित हुए थे। मुख्यालय की ओर से अधिक से अधिक टीकाकरण करने का निर्देश दिया गया है। लोगों को बूस्टर डोज देने की अपील की गई है। सरकारी अस्पतालों में आने वाले लोगों को कोरोना वायरस की जांच करने को कहा गया है।












Click it and Unblock the Notifications