तेलंगाना में और मजबूत होंगी स्वास्थ्य सेवाएं, सीएम केसीआर ने दी 8 नए मेडिकल कॉलेजों को मंजूरी
तेलंगाना सरकार ने बुधवार को राज्य में आठ नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना को मंजूरी दे दी, जिससे राज्य में स्वास्थ्य सेवा और चिकित्सा शिक्षा के बुनियादी ढांचे को और ज्यादा मजबूती मिलेगी।
ये मेडिकल कॉलेज जोगुलाम्बा-गडवाल, नारायणपेट, मुलुगु, वारंगल, मेडक, यदाद्री-भुवनगिरी, रंगारेड्डी और मेडचल-मलकजगिरी जिलों में स्थापित किए जाएंगे। अगले शैक्षणिक वर्ष से इनमें से प्रत्येक मेडिकल कॉलेज में 100 सीटों पर प्रवेश मिलेंगे।

इस नए कदम के साथ, केसीआर सरकार ने अब राज्य के कुल 33 जिलों में से 25 में मेडिकल कॉलेजों को मंजूरी दे दी है। इसका उद्देश्य प्रत्येक जिले में कम से कम एक मेडिकल कॉलेज बनाना है और इन आठ नए कॉलेजों के साथ इनकी कुल संख्या 34 तक पहुंच जाएगी।
राज्य सरकार के इस फैसले की घोषणा करते हुए तेलंगाना के स्वास्थ्य और वित्त मंत्री टी हरीश राव ने ट्वीट किया, 'एक जिले के लिए एक मेडिकल कॉलेज, माननीय मुख्यमंत्री केसीआर का सपना साकार होने जा रहा है। राज्य सरकार द्वारा मौजूदा मेडिकल कॉलेजों को जोड़कर 8 नए मेडिकल कॉलेजों को मंजूरी दी गई है। आरोग्य तेलंगाना के दृष्टिकोण के अनुरूप ये कॉलेज छात्रों के लिए मेडिकल शिक्षा हासिल करने के अधिक अवसर पैदा करेंगे और जिलों में स्वास्थ्य सेवाओं को और बढ़ाएंगे।'












Click it and Unblock the Notifications