स्वास्थ्य मंत्री हरीश राव ने कहा, '1200 अस्पतालों में होगा आरोग्य महिला योजना का विस्तार'
तेलंगाना के स्वास्थ्य मंत्री हरीश राव ने कहा कि अस्पतालों में मंगलवार को महिलाओं की देखभाल के लिए महिला डॉक्टर, महिला नर्स और अन्य महिला कर्मचारी होंगी।

तेलंगाना के वित्त और स्वास्थ्य मंत्री टी हरीश राव ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर घोषणा की, कि राज्य सरकार तेलंगाना को स्वस्थ और मजबूत बनाने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से 100 अस्पतालों में विशेष रूप से महिलाओं के लिए स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के मकसद से 'आरोग्य महिला' योजना शुरू करेगी।
सोमवार को संगारेड्डी में स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की महिलाओं को एक कार्यक्रम के दौरान संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री हरीश राव ने कहा कि अस्पतालों में मंगलवार को महिलाओं की देखभाल के लिए महिला डॉक्टर, महिला नर्स और अन्य महिला कर्मचारी होंगी।
टी हरीश राव ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने तेलंगाना की महिलाओं को स्वस्थ बनाने के लिए इस कार्यक्रम को लॉन्च करने का फैसला किया है। उन्होंने कहा है कि यह कार्यक्रम महिलाओं को उनके स्वास्थ्य के प्रति अधिक जागरूक बनाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि मंगलवार को महिलाओं को सभी जांच सेवाएं और दवा नि:शुल्क मुहैया कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने आरोग्य महिला योजना के तहत संगारेड्डी जिले में पांच अस्पतालों का चयन किया है। साथ ही स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि वे राज्य भर में चरणबद्ध तरीके से 1,200 अस्पतालों में इस योजना का विस्तार करेंगे। चूंकि महिलाएं परिवारों में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, इसलिए तेलंगाना सरकार ने उनके स्वास्थ्य को प्राथमिकता दी है।












Click it and Unblock the Notifications