हरियाणा के युवाओं को अब यूरोप में मिलेंगे रोजगार के अवसर
हरियाणा के युवाओं को विदेशों में रोजगार दिलाने के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के प्रयासों को निरंतर सफलता मिल रही है। इसी कड़ी में आज मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में उनके आवास संत कबीर कुटीर पर प्रमुख ग्लोबल हॉस्पिटैलिटी कंपनी ओयो ने श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय, हरियाणा कौशल रोजगार निगम तथा विदेश सहयोग विभाग, हरियाणा सरकार के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।
इस एमओयू का उद्देश्य डेनमार्क जैसे यूरोपीय देशों में हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री से संबंधित विभिन्न जॉब रोल में युवाओं को नौकरी के अवसर प्रदान करना है।

मनोहर लाल ने कहा कि शैक्षिक संस्थानों, सरकारी एजेंसियों और ओयो जैसी निजी क्षेत्र की कंपनियों के बीच साझेदारी के माध्यम से राज्य सरकार युवाओं की रोजगार क्षमता और कौशल सेट को बढ़ाने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रही है। इस एमओयू से न केवल राज्य के आर्थिक विकास में योगदान होगा, बल्कि कुशल मैनपावर के आदान-प्रदान से अंतरराष्ट्रीय सहयोग और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार दिलाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग हमारी बहुत बड़ी संपत्ति है और विदेशों में रोजगार के अवसर मुहैया होने से युवाओं के जीवन में बड़ा बदलाव आएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ओयो कंपनी की मांग के अनुसार हरियाणा कौशल रोजगार निगम पर पंजीकृत युवाओं का चयन किया जाएगा और उन्हें श्री विश्वकर्मा स्किल यूनिवर्सिटी की ओर से जॉब रोल के अनुरूप स्किलिंग करवाई जाएगी और उन्हें सर्टिफिकेट प्रदान किए जाएंगे। प्रशिक्षण पूरा हो जाने के बाद युवाओं को विदेश भेजने की पूरी प्रक्रिया विदेश सहयोग विभाग द्वारा अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि युवाओं को विदेशों में रोजगार के अवसर मुहैया करवाने हेतु हरियाणा सरकार ने अलग से ओवरसीज प्लेसमेंट सेल भी बनाया हुआ है।
नरेंद्र मोदी द्वारा की गई घोषणा अनुसार कौशल विकास के लिए प्रमुख सरकारी पहलों जैसे-कौशल भारत और विश्वकर्मा योजना के सिद्धांतों और उद्देश्यों को शामिल किया गया है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों के कौशल को बढ़ावा देना, उनके ज्ञान एवं अनुभव को व्यापक बनाना और आवश्यक उपकरणों से लैस करना है, ताकि वे प्रतिस्पर्धी वैश्विक वातावरण में स्वयं को श्रेष्ठ साबित कर सकें।












Click it and Unblock the Notifications