हरियाणा जी-20 सम्मेलन की बैठकों की करेगा मेजबानी
हरियाणा भवन में जी-20 शिखर सम्मेलन की हरियाणा में होने वाली संभावित बैठकों की तैयारियों के संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की।

भारत की अध्यक्षता में हो रहे जी-20 शिखर सम्मेलन की कुछ बैठकों की मेजबानी हरियाणा को मिली है। इस एेतिहासिक मेजबानी के लिए हरियाणा ने तैयारी शुरू कर दी है। सम्मेलन में 30 राष्ट्रों के अलावा 5 आमंत्रित सदस्य राष्ट्रों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बृहस्पतिवार को नई दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में जी-20 शिखर सम्मेलन की हरियाणा में होने वाली संभावित बैठकों की तैयारियों के संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की।
बैठक में उन्होंने सम्मेलन को लेकर किए जाने वाले प्रबंधों की समीक्षा की। उन्होंने उच्चाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा, यह हरियाणा के लिए गर्व की बात है कि प्रदेश को इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिली है। जी-20 शिखर सम्मेलन की कुछ बैठकें गुरुग्राम में मार्च में आयोजित होनी प्रस्तावित हैं। इनकी सफलता के लिए सभी प्रबंध समय पर सुनिश्चित करें ताकि 'अतिथि देवो भव:' की भावना के साथ हरियाणा की समृद्ध संस्कृति की अमिट छाप और गुरुग्राम-एक ग्लोबल सिटी का संदेश भी जी -20 सदस्य देशों में जाए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत पहली बार जी-20 ग्रुप की बैठकों की अध्यक्षता कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के प्रबुद्ध नागरिकों व बुद्धिजीवियों के अनुभवों का लाभ भी लिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जी-20 सदस्य देशों के शिष्टमंडल की सुविधा के लिए लायजन ऑफिसर लगाए जाएं।
साथ ही, संभावित बैठकों के स्थल व उसके आस-पास के क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किये जाएं। इसके अलावा, आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए आयोजन स्थल के पास अस्पतालों को भी चिह्नित करें। उन्होंने हैरिटेज एवं पर्यटन विभाग तथा सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि विभिन्न देशों के शिष्टमंडल का हरियाणा में आगमन होगा तो उन्हें राज्य की संस्कृति व विरासत से परिचय करवाने के लिए विशेष प्रबंध किए जाएं।












Click it and Unblock the Notifications