शीतकालीन सत्र में बदली नजर आई हरियाणा विधानसभा, पेपर लैस हुआ 75% काम

हरियाणा विधानसभा इस बार शीतकालीन सत्र के दौरान बदली-बदली नजर आई। विधानसभा से जुड़े अधिकारियों ने दावा किया है कि इस बार सदन की कार्यवाही का 75 प्रतिशत काम पेपर लैस हो रहा है। इसके साथ ही हर विधायक की सीट पर टैबलेट लगे हुए हैं। इस बार लोकसभा की तर्ज पर 100 रुपए खाने की थाली की कीमत रखी गई है।
हरियाणा विधानसभा के सोमवार से शुरू हुए शीतकालीन सत्र के पहले दिन सदन की कार्यवाही लोकसभा की तर्ज पर देखने को मिली। टैबलेट्स पर कार्यवाही का सीधा प्रसारण सदस्य के नाम के साथ लाइव दिखाया जा रहा है।
पिछले तीन साल से विधानसभा की कार्यवाही लोकसभा की तर्ज पर शुरू करवाई गई है। पिछले वर्ष बजट सत्र के दौरान सदन की तदर्थ कमेटियों के माध्यम से बजट पारित करवाकर एक नई पहल की थी, जिसकी सदन के सभी सदस्यों ने सराहना की थी। लोकसभा की तर्ज हर प्रकार के विधायी कार्य शुरू करने की भी शुरुआत विधानसभा अध्यक्ष ने की है। विधानसभा को पेपर लैस किया गया है।
कर्मचारियों के लिए ड्रेस कोड
विधानसभा के अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए भी अध्यक्ष ने ड्रेस कोड लागू किया है। अब कोई भी सदस्य कर्मचारियों को उनकी ड्रेस के अनुसार पहचान सकता है। लोकसभा में भी इसी तरह के ड्रेस कोड की व्यवस्था है।
लोकसभा की तर्ज पर सदस्यों के लिए पेड भोजन की व्यवस्था की गई है। कोई भी विधायक मात्र 100 रुपए में भोजन का लुत्फ उठा सकता है। शीतकालीन सत्र के दौरान बाजरे की रोटी व चूरमा को व्यंजनों में शामिल किया गया है। इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर पहली बार मोटे अनाज का खाना सत्र के दौरान परोसा गया।












Click it and Unblock the Notifications