मनोहर लाल सरकार ने शुरू की राज्य उर्जा संरक्षण पुरस्कारों की अनूठी योजना, 20 जून तक करें आवेदन
चंडीगढ़, 17 जून। नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग द्वारा राज्य ऊर्जा संरक्षण पुरस्कारों की अनूठी योजना आरंभ की गई है। योजना के तहत 2021-22 के लिए विभिन्न श्रेणियों के पात्र उपभोक्ताओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 20 जून है।

अतिरिक्त उपायुक्त डा. वैशाली शर्मा ने बताया कि हरियाणा स्थित औद्योगिक, वाणिज्यिक, राजकीय, संस्थागत, समूह आवासीय भवनों को ऊर्जा संरक्षण के क्षेत्र में श्रेष्ठ उपाय करने, तकनीक अपनाने, ऊर्जा दक्षता हासिल करने के फलस्वरूप राज्य ऊर्जा संरक्षण पुरस्कारों से अलंकृत किया जाता है। इसके अलावा इनोवेशन, नई प्रौद्योगिकियां, अनुसंधान एवं विकास परियोजनाओं, ऊर्जा संरक्षण में अनुसंधान और नवाचार, ऊर्जा दक्षता, अपशिष्ट से ऊर्जा और नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र, कुशल प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन में श्रेष्ठ कार्य करने वाली संस्थाएं भी राज्य ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार के लिए आवेदन कर सकती हैं।
इन पुरस्कारों में नगद राशि, शील्ड तथा प्रमाण पत्र प्रदान किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग हरियाणा एवं हरेडा द्वारा वर्ष 2021-22 के लिए राज्य ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार के संदर्भ में उपभोक्ताओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं, जिसकी अंतिम तिथि 20 जून है। योजना के दिशा निर्देशों की प्रति हरेडा की वेबसाइट पर उपलब्ध है। आवेदन के बारे में अधिक जानकारी के लिए अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग में किसी भी कार्य दिवस में संपर्क किया जा सकता है।.












Click it and Unblock the Notifications