उदयनिधि स्टालिन के बयान पर अनिल विज ने कहा- शायद उन्हें है अल्पज्ञान
हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने तमिलनाडु के मंत्री उदयनिधि स्टालिन की सनातन धर्म को लेकर की गई विवादित टिप्पणी पर कहा कि बहुत ही विवादित बयान दिया है। उनको शायद अल्पज्ञान है।
गृह मंत्री ने तमिलनाडु के मंत्री को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सनातन धर्म चिरकालिक है। यह आज भी है, कल भी है और हमेशा रहेगा। साथ ही विज ने 'I.N.D.I.A गठबंधन' पर भी वार किया। उन्होंने कहा कि सभी नेताओं को स्पष्ट करना चाहिए कि क्या वे उदयनिधि की विचारधारा के साथ हैं या उसके विरोध में हैं।

अनिल विज ने "एक राष्ट्र-एक चुनाव" को लेकर बनी कमेटी की प्रशंसा करते हुए कहा कि यदि ऐसा हो जाता है तो सरकारी खर्चा कम होगा और विकास कार्यों में गति होगी, जिससे देश ज्यादा गति से तरक्की करेगा।
विज ने कहा कि आगे क्या होगा यह नहीं कहा जा सकता, सिर्फ कयास ही लगाए जा रहे है, लेकिन अगर "एक राष्ट्र-एक चुनाव" हो जाता है तो इसका फायदा होगा तथा 2047 तक विकसित भारत बनाने का सपना है वह और जल्दी साकार होगा।
केंद्र सरकार द्वारा विशेष सत्र बुलाने पर विपक्ष द्वारा उठाए सवाल पर अनिल विज ने विपक्षी पार्टियों को आड़े हाथों लिया और कहा कि "लगता है कि इनकी बुद्धि का दिवाला पिट गया, कोरोना काल में जब लॉकडाउन लगा था तो उस दौरान विशेष सत्र कैसे बुलाया जा सकता था।
गौरतलब है कि विपक्षी नेताओं ने एक बयान में कहा था कि कोरोना काल में सरकार ने विशेष सत्र नहीं बुलाया तो अब विशेष सत्र क्यों बुलाया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications