मनोहर सरकार नए सिरे से पिछड़ा वर्ग आयोग का करेगी गठन, केंद्र सरकार को मुख्यमंत्री ने लिखा पत्र
कुरुक्षेत्र, 11 जुलाई। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि सरकार पिछड़ा वर्ग आयोग का नए सिरे से गठन करेगी। इसके बाद समाज की सभी समस्याओं की चिंता यह आयोग भी करेगा। इसके माध्यम से सभी योजनाओं का लाभ पात्रों को दिया जाएगा। समाज की कुछ जातियां एससी तो कुछ बैकवर्ड क्लास में है, हमने इसके लिए केंद्र सरकार को लिखा है। मुख्यमंत्री रविवार को कुरुक्षेत्र की नई अनाज मंडी में बाबा माखन शाह लुबाना और बाबा लक्खी शाह बंजारा की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने बाबा बंदा सिंह की राजधानी लोहगढ़ को विकसित करने की बात कही।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने घोषणा की कि नगर परिषद थानेसर में कम्यूनिटी सेंटर को लक्खी शाह बंजारा के नाम से बनवाया जाएगा। साथ ही उन्होंने लुबाना भवन के लिए जगह तय करने के निर्देश दिए। उन्होंने राज्यों के उपायुक्तों को निर्देश दिए कि जिन जिलों में समाज के लोग रहते हों, वहां के किसी चौक-चौराहे, कम्यूनिटी सेंटर या शिक्षण संस्थान को बाबा माखन शाह लुबाना और बाबा लक्खी शाह बंजारा का नाम दिया जाए। समाज के लोगों को जहां जमीन चाहिए तो वहां स्थानीय स्तर पर प्रस्ताव पास करवाना पड़ेगा। अगर उनके पास इस संबंध में प्रस्ताव आता है तो वे उस पर तुरंत कार्रवाई करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महापुरुष किसी धर्म और जाति के न होकर सभी के होते हैं। उनके व्यक्तित्व, विचार, आदर्श हमारे लिए प्रेरक का काम करते हैं और हमारा मार्ग दर्शन करते हैं। उनकी विरासत को संभालने व सहेजने की जिम्मेदारी हम सबकी है। हम प्रदेश में उन परिवारों को आर्थिक रूप से मजबूत करने में लगे हैं जो किन्हीं कारणों से पिछड़े रह गए। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने पंगत में बैठकर लंगर भी चखा। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल, सांसद नायब सिंह सैनी, खेल राज्यमंत्री संदीप सिंह, विधायक सुभाष सुधा, कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व मंत्री कर्णदेव कांबोज ने महापुरुषों को श्रद्धांजलि दी। बाबा माखन शाह लुबाना, बाबा लक्खी शाह बंजारा की जयंती पर आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया। साथ ही उनके विभागों की ओर से दी गई सहायता राशि की उपयोगिता के बारे में जानकारी ली। इस पर किसी ने डेयरी तो किसी ने किरयाना दुकान और कैटरिंग संचालन की बात कही।
रविवार को नई अनाज मंडी के प्रांगण में आयोजित समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने पशुपालन विभाग, महिला एवं बाल विकास सहित अन्य विभागों के लाभार्थियों को सम्मानित कर उनकी हौसला आफजाई की। सम्मानित होने वालों में रमेश कुमार, सुरेंद्र, सविता, राजबीर, हरविंद्र सिंह, ममता रानी, मनजीत, भारती,सरोज, दीपक कुमार, सुरेश कुमार, बलजीत व वीर सिंह शामिल थे। इन लाभार्थियों को विभागीय योजना के तहत अपना कोई काम शुरू करने के लिए सहायता राशि सरकार द्वारा दी गई है। मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों को जहां कारोबार के रिस्क के बारे में बताया, वहीं उनका हौसला भी बढ़ाया।












Click it and Unblock the Notifications